CBN36 रायपुर। रायपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.20 करोड़ रुपये कीमत का 191.525 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। यह कमिश्नरेट क्षेत्र में अब तक पकड़ी गई गांजे की सबसे बड़ी खेप बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि ओडिशा से नागपुर की ओर जा रहे एक ट्रक में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद लाभांडी स्थित अग्रसेन धाम के पास सर्विस रोड पर नाकेबंदी की गई।
नाकेबंदी के दौरान पश्चिम बंगाल नंबर का 6 चक्का अशोक लीलैंड ट्रक रोका गया। ट्रक में सवार दो लोगों ने अपनी पहचान मोहम्मद लाल और उसके पुत्र मोहम्मद रुस्तम के रूप में बताई। दोनों वर्तमान में पश्चिम बंगाल के बैकरपुर जिले में रहते हैं, जबकि मूल निवासी बिहार के मधुबनी जिले के हैं।
भारी मशीनों के बीच छिपाई थीं सात बोरियां
पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो शुरुआत में कुछ संदिग्ध नहीं मिला, क्योंकि उसमें भारी मशीनें लदी थीं। बारीकी से जांच करने पर मशीनों के नीचे और बीच में छिपाकर रखी गई सात बोरियां मिलीं। इनमें अलग-अलग पैकेटों में 191.525 किलोग्राम गांजा रखा था।
पुलिस ने गांजा, तस्करी में प्रयुक्त ट्रक और उसमें लदी मशीनरी समेत करीब 1.20 करोड़ रुपये का सामान जब्त किया। आरोपियों के खिलाफ तेलीबांधा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एक माह से चल रही थी निगरानी

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों और उनके तस्करी नेटवर्क पर करीब एक माह से तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र के जरिए नजर रखी जा रही थी। पर्याप्त जानकारी मिलने के बाद योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के सुहेला क्षेत्र से नागपुर ले जाया जा रहा था। पुलिस अब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है और पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के लिए एंड-टू-एंड जांच की जा रही है।
कमिश्नरेट में लगातार कार्रवाई
रायपुर पुलिस के अनुसार एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने अब तक एनडीपीएस एक्ट के 62 मामलों में 152 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन मामलों में करीब 5.22 करोड़ रुपये कीमत के विभिन्न मादक पदार्थ, वाहन, हथियार और अन्य सामग्री जब्त की जा चुकी है।
प्रधान संपादक



