CBN 36 बिलासपुर। बिलासपुर से जारहागांव लौट रहे तीन युवकों के साथ शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। सकरी और पेंडारी के बीच मुख्य मार्ग पर बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे लोहे के बैरिकेड से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बैरिकेड का लोहे का पाइप बाइक चला रहे युवक के पेट में आरपार हो गया, जबकि पीछे बैठे दोनों युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस व डायल-112 को सूचना दी। पुलिस और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सकरी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जारहागांव निवासी प्रियंशु ज्ञानिक अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से बिलासपुर से वापस घर लौट रहा था। देर रात जब उनकी बाइक सकरी और पेंडारी के बीच पहुंची, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे लोहे के बैरिकेड से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बैरिकेड का लोहे का पाइप प्रियंशु के पेट में घुस गया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पीछे बैठे दोनों युवक भी पाइप की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने तुरंत अपनी गाड़ियां रोक दीं और घायलों की मदद में जुट गए। मौके पर मौजूद गजेंद्र ठाकुर ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस और डायल-112 को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से दो घायलों को डायल-112 की टीम के माध्यम से तत्काल अस्पताल रवाना किया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रियंशु ज्ञानिक को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। समय पर मिली मदद के कारण घायलों को शीघ्र उपचार मिल सका।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर बाइक के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है और उनकी स्थिति पर चिकित्सकों की लगातार नजर बनी हुई है।
प्रधान संपादक



