CBN36 रायपुर। छत्तीसगढ़ में खेलों के विकास की दिशा में पहली बार आयोजित स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का समापन मंगलवार को राजधानी रायपुर में हुआ। समापन सत्र में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों और टीमों को प्रोत्साहन राशि वितरित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य में खेलों और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार गंभीरता से काम कर रही है और उत्कृष्ट खेल मिशन के तहत इस वर्ष के बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कॉन्क्लेव में देशभर से आए खेल विशेषज्ञों, प्रशासकों और खिलाड़ियों के सुझाव राज्य की खेल नीति और अधोसंरचना को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण साबित होंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची को मंजूरी दी गई है, जिन्हें भविष्य में सरकारी नौकरी में लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स जैसे आयोजनों के माध्यम से प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को मंच दिया जा रहा है। बस्तर ओलंपिक में करीब चार लाख और सरगुजा ओलंपिक में साढ़े तीन लाख खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जो खेलों के प्रति युवाओं की बढ़ती रुचि का प्रमाण है।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने कहा कि स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव से मिले सुझावों के आधार पर राज्य में खेलों के विकास के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्तर से ही प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण देने की दिशा में सरकार काम कर रही है।
19 पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मान
मुख्यमंत्री ने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 में पदक जीतने वाले 11 खिलाड़ियों और तीन टीमों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की। छत्तीसगढ़ ने प्रतियोगिता में 3 स्वर्ण, 10 रजत और 6 कांस्य सहित कुल 19 पदक जीते थे।
स्वर्ण पदक विजेता निकिता को दो लाख रुपये, रजत पदक विजेताओं को डेढ़-डेढ़ लाख रुपये तथा कांस्य पदक विजेताओं को एक-एक लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। वहीं टीम स्पर्धाओं में स्वर्ण विजेता महिला फुटबॉल टीम को 22 लाख रुपये, रजत विजेता पुरुष फुटबॉल टीम को 16.50 लाख रुपये और कांस्य विजेता पुरुष हॉकी टीम को 9 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, खेल वैज्ञानिक, पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, प्रशिक्षक, विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि और प्रदेशभर के खेल अधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
प्रधान संपादक



