Explore

Search

September 12, 2026 10:19 am

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव को दी बधाई, डीजीपी अरुण देव गौतम ने वीडियो कॉल पर दी शुभकामनाएँ

CBN36 रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 की महिला 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाली राजनांदगांव की प्रतिभाशाली खिलाड़ी एवं छत्तीसगढ़ पुलिस की सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) ज्ञानेश्वरी यादव को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।

https://x.com/vishnudsai/status/2081771732382462270?s=48

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विश्व स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में ज्ञानेश्वरी यादव द्वारा हासिल की गई यह सफलता केवल एक खिलाड़ी की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प का सम्मान है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की नई प्रेरणा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि प्रतिभा को समर्पण, अनुशासन और निरंतर परिश्रम का साथ मिले तो वैश्विक मंच पर भी सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ज्ञानेश्वरी आने वाले समय में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत और छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित करती रहेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेल संस्कृति को सशक्त बनाने, खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर सुविधाएँ तथा हरसंभव प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, ताकि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अरुण देव गौतम ने भी वीडियो कॉल के माध्यम से एएसआई ज्ञानेश्वरी यादव से संवाद कर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। डीजीपी ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव ने कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर न केवल भारत, बल्कि छत्तीसगढ़ पुलिस का भी मान बढ़ाया है। उनकी उपलब्धि पूरे पुलिस परिवार के लिए गर्व का विषय है तथा यह प्रदेश के युवाओं और पुलिस बल के अन्य कर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ पुलिस की एएसआई एवं अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलक ज्ञानेश्वरी यादव ने कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 की महिला 53 किलोग्राम स्पर्धा में कुल 199 किलोग्राम (स्नैच में 88 किलोग्राम एवं क्लीन एंड जर्क में 111 किलोग्राम) वजन उठाकर अपना सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत प्रदर्शन दर्ज किया और भारत के लिए रजत पदक जीतकर देश तथा प्रदेश का गौरव विश्व पटल पर स्थापित किया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS