Explore

Search

July 24, 2026 7:18 pm

ओडिशा से यूपी ले जाई जा रही 26.48 किलो गांजा की खेप जब्त, तस्कर गिरफ्तार

“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले की सीमाओं का उपयोग मादक पदार्थों की तस्करी के लिए किसी भी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा,सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी और कार्रवाई लगातार तेज की जा रही है तथा नशे के कारोबार से जुड़े हर तस्कर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी”

रायगढ़ CBN 36 । जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत लैलूंगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही 26.484 किलोग्राम गांजा की खेप बरामद की है। पुलिस ने गांजा की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही आई10 कार भी जब्त कर वाराणसी निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा और कार की कुल कीमत 16.24 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर ओडिशा सीमा से होने वाली गांजा तस्करी पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव को सूचना मिली कि सफेद रंग की आई10 कार (OD-15-P-1800) में ओडिशा से गांजा लेकर एक तस्कर लैलूंगा-पत्थलगांव मार्ग से उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा है।

सूचना के आधार पर उप निरीक्षक चंद्रकुमार सिंगार के नेतृत्व में कटकलिया-फोकटपारा तिराहे पर नाकेबंदी की गई। पुलिस को देखकर चालक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान अर्जुन उपाध्याय (24), निवासी कैथापुर, थाना राजा तालाब, जिला वाराणसी (उत्तर प्रदेश) के रूप में बताई। वाहन की तलाशी लेने पर कार से खाकी टेप से सीलबंद 13 पैकेट गांजा बरामद हुए। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर गांजा 26.484 किलोग्राम निकला, जिसकी कीमत 13.24 लाख रुपये आंकी गई। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त करीब तीन लाख रुपये कीमत की आई10 कार भी जब्त कर ली।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लैलूंगा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS