Explore

Search

September 8, 2026 4:23 pm

कोटा में कांग्रेस का धरना, शिक्षा मंत्री को बर्खास्त करने और छात्रों पर दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग

कोटा CBN36।राष्ट्रीय स्तर पर छात्रों के विरोध-प्रदर्शनों के समर्थन में बुधवार को कोटा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने जय स्तंभ चौक पर एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री को बर्खास्त करने तथा आंदोलनरत छात्रों पर दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग उठाई।

धरने का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण त्रिवेदी ने किया। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक अटल श्रीवास्तव, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि छात्र-छात्राएं अपने भविष्य और शिक्षा व्यवस्था को लेकर संवाद मांग रहे थे, लेकिन उन्हें लाठियां मिलीं। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक होने से युवाओं का भविष्य संकट में पड़ गया है। उन्होंने कहा कि छात्रों की पीठ पर पड़ी “एक-एक लाठी का हिसाब देना होगा” और युवा अब अन्याय बर्दाश्त नहीं करेगा।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने कहा कि कांग्रेस युवाओं के भविष्य से जुड़े हर मुद्दे पर उनके साथ खड़ी है। उन्होंने केंद्र सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने और लोकतांत्रिक विरोध को कुचलने का आरोप लगाया।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अरुण त्रिवेदी ने कहा कि यह किसी एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि समाज और युवाओं के भविष्य की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि जब समाज के जिम्मेदार लोग मौन रहते हैं, तब अन्याय बढ़ता है, इसलिए कांग्रेस छात्रों के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी।

भारी बारिश के बावजूद धरना-प्रदर्शन में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन फूलचंद अग्रहरि ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रकाश जायसवाल ने किया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS