Explore

Search

July 23, 2026 8:43 pm

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, APK से मोबाइल हैक… फिर युवती से 13 हजार की साइबर ठगी; बिहार से आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ CBN 36।इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर युवती को प्रेमजाल में फंसाने, APK फाइल के जरिए उसका मोबाइल एक्सेस हासिल करने और अंतरंग फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 13 हजार रुपये वसूलने वाले साइबर अपराधी को रायगढ़ साइबर थाना पुलिस ने बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार लैलूंगा थाना क्षेत्र की 23 वर्षीय युवती ने 12 जून 2026 को साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि करीब छह वर्ष पहले इंस्टाग्राम पर उसकी पहचान खुद को अविनाश उर्फ राजा बताने वाले युवक से हुई थी, जो बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला बताया गया था।

बातचीत बढ़ने पर आरोपी ने युवती का विश्वास जीतकर उससे निजी फोटो और वीडियो हासिल कर लिए। बाद में उसने युवती को एक APK फाइल डाउनलोड करने के लिए भेजी। आरोपी के कहने पर युवती ने फाइल डाउनलोड कर एक्सेस कोड भी साझा कर दिया। इससे आरोपी ने मोबाइल का नियंत्रण हासिल कर लिया और उसमें मौजूद निजी फोटो, वीडियो तथा कॉन्टैक्ट लिस्ट तक पहुंच बना ली।

इसके बाद आरोपी ने युवती को उसके निजी फोटो-वीडियो सोशल मीडिया और परिजनों को भेजने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। डर के कारण युवती ने आरोपी के पेटीएम खाते में तीन हजार, पांच हजार और फिर पांच हजार रुपये, कुल 13 हजार रुपये भेज दिए। रकम मिलने के बाद भी आरोपी ब्लैकमेल करता रहा और युवती के परिजनों से संपर्क कर उसे बदनाम करने का प्रयास किया।

शिकायत के आधार पर साइबर थाना में अपराध क्रमांक 10/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2), 351(3) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी साइबर निरीक्षक विजय चेलक ने तकनीकी विश्लेषण कर आरोपी के आईपी एड्रेस समेत अन्य डिजिटल साक्ष्य जुटाए। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम बिहार रवाना की गई।

साइबर पुलिस ने मुजफ्फरपुर जिले के बेला थाना क्षेत्र से अविनाश चौधरी (20) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए युवती से 13 हजार रुपये वसूलने की बात कबूल की। उसने यह भी बताया कि उसने यूट्यूब से हैकिंग के तरीके सीखकर इस तरह का अपराध करना शुरू किया था।

गिरफ्तार आरोपी का वर्तमान पता बर चौक, बेला, जिला मुजफ्फरपुर तथा स्थायी पता जाफराबाद, खजहाचक उर्फ सहदेपुर, थाना लालगंज, जिला वैशाली (बिहार) है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

आरोपी की गिरफ्तारी में एसएसपी शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और डीएसपी साइबर उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजय चेलक, एएसआई नंद कुमार सारथी, आरक्षक महेश पंडा, पुष्पेंद्र जाटवर और संतराम कैवर्त की अहम भूमिका रही।

एसएसपी की अपील

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने लोगों से सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती नहीं करने, किसी के कहने पर APK फाइल डाउनलोड न करने और निजी फोटो-वीडियो साझा करने से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि कोई ब्लैकमेल कर पैसे मांगता है तो रकम भेजने के बजाय तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930, cybercrime.gov.in या निकटतम साइबर थाना में शिकायत करें। उन्होंने कहा कि रायगढ़ पुलिस साइबर अपराधियों के खिलाफ देश के किसी भी राज्य में जाकर सख्त कार्रवाई करेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS