
“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा, धोखाधड़ी और अन्य आर्थिक अपराधों में संलिप्त प्रत्येक आरोपी के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस कठोर कानूनी कार्रवाई कर रही है। ऐसे अपराधों से अर्जित अवैध संपत्तियों पर भी पुलिस की पैनी नजर है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा”
रायगढ़ CBN36। वाहन खरीदी-बिक्री और जमीन दलाली की आड़ में 1.10 करोड़ रुपये से अधिक की कथित ठगी का खुलासा करते हुए रायगढ़ पुलिस ने मुख्य आरोपी कृष्ण कुमार साहू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर ठगी की रकम से खरीदी गई एक स्कॉर्पियो और एक बोलेरो भी जब्त की है। मामले में अब तक 10 से 15 पीड़ित सामने आए हैं और जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है।
रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस शशि मोहन सिंह के निर्देशन में तमनार थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कृष्ण कुमार साहू (38), निवासी पड़िगांव, थाना तमनार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। एसएसपी ने कहा कि आर्थिक अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों का भी हिसाब लिया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, रायगढ़ निवासी सद्दाम हुसैन और उनके साथी सुरेश मानिकपुरी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वाहन खरीदी-बिक्री के कारोबार से जुड़े कृष्ण कुमार साहू ने पहले वाहनों के सौदे के नाम पर उनसे रकम ली। बाद में पैसा लौटाने के बजाय जमीन बेचने का झांसा देकर और रुपये ले लिए। आरोपी ने 14 अप्रैल 2026 को अपनी भूमि का सौदा भी किया, लेकिन बाद में उसी जमीन की रजिस्ट्री किसी अन्य महिला के नाम कर दी।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने सद्दाम हुसैन से 22 लाख रुपये और सुरेश मानिकपुरी से 22.40 लाख रुपये, कुल 44.40 लाख रुपये नकद और बैंक ट्रांसफर के माध्यम से लेकर धोखाधड़ी की। पूछताछ के दौरान यह भी पता चला कि पुरुषोत्तम सिदार, दिनेश शर्मा, संतोष साहू, मनोज सारथी समेत कई अन्य लोगों से भी वाहन खरीदी-बिक्री के नाम पर लाखों रुपये की ठगी की गई।
शिकायत के आधार पर तमनार थाना में अपराध क्रमांक 179/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(2) में मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में आरोपी से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। उसके मेमोरेंडम के आधार पर करीब 20 लाख रुपये कीमत की एक स्कॉर्पियो और एक बोलेरो जब्त की गई।
पुलिस जांच में अब तक 10 से 15 पीड़ितों से करीब 1.10 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की पुष्टि हुई है। अन्य शिकायतें भी लगातार मिल रही हैं। पुलिस आरोपी के आर्थिक लेन-देन, संपत्तियों और अन्य संभावित पीड़ितों के संबंध में विस्तृत जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक युगल यादव, सहायक उपनिरीक्षक सुरति लाल सिदार तथा तमनार थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रधान संपादक



