छत्तीसगढ़,मुंगेली CBN 36। मुंगेली पुलिस ने मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए देर रात गांव में भटक रहे मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया। युवक के सकुशल घर लौटने पर परिजनों ने भावुक होकर पुलिस टीम का आभार जताया।
पुलिस के अनुसार, 23-24 जुलाई की दरम्यानी रात करीब 12:45 बजे डायल-112 को सूचना मिली कि सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम लिम्हा में एक संदिग्ध युवक घूम रहा है। सूचना मिलते ही डायल-112 और सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित थाने ले आई।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम साहिल रात्रे बताया, लेकिन मानसिक स्थिति सामान्य नहीं होने के कारण वह अपने घर का सही पता नहीं बता पा रहा था। वह बार-बार केवल “बरदुली” शब्द दोहरा रहा था और कभी तखतपुर तो कभी जरहागांव का नाम ले रहा था।
पुलिस ने सूझबूझ से पहले तखतपुर थाना से संपर्क किया, लेकिन वहां इस नाम के गांव की जानकारी नहीं मिली। इसके बाद जरहागांव थाना से संपर्क कर ग्राम बरदुली के सरपंच प्रतिनिधि तुकाराम साहू का मोबाइल नंबर प्राप्त किया गया। उनसे बातचीत में पता चला कि साहिल रात्रे ग्राम बरदुली का निवासी है और मानसिक रूप से अस्वस्थ है।
जानकारी की पुष्टि होने के बाद मुंगेली पुलिस ने देर रात ही युवक को सुरक्षित उसके गांव पहुंचाकर सरपंच प्रतिनिधि की मौजूदगी में माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। लंबे समय बाद बेटे को सकुशल देखकर परिजनों की आंखें नम हो गईं। उन्होंने मुंगेली पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय सेवा की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली कार्तिकेश्वर जांगड़े, सहायक उपनिरीक्षक भानू प्रताप बर्मन, प्रधान आरक्षक सुरेश जांगड़े तथा आरक्षक राधेराम ध्रुव और संजय यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रधान संपादक



