मुंगेली पुलिस ने 72 घंटे के भीतर सुलझाया मामला, प्रेम संबंध में विवाद के बाद गला दबाकर हत्या का आरोप
CBN36 मुंगेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में ग्राम नेवासपुर में 17 वर्षीय किशोरी की हत्या के मामले का खुलासा किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अजीत घृतलहरे (22) और उसके साथी साहिल खाण्डे (20), दोनों निवासी ग्राम लिलवाकापा, को गिरफ्तार किया है।
एसएसपी भोजराम पटेल के अनुसार, जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी का किशोरी से प्रेम संबंध था। किशोरी के किसी अन्य युवक से बातचीत करने की शंका को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में आरोपी ने 19 अक्टूबर की रात साथी के साथ ग्राम नेवासपुर पहुंचकर किशोरी के घर में प्रवेश किया और विवाद के दौरान उसका गला दबा दिया।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने शव को दूसरे कमरे के बिस्तर पर रख दिया, ताकि मौत सामान्य प्रतीत हो। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने और दम घुटने से मौत होने की पुष्टि हुई। मामले में साक्ष्य छिपाने से संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
एसएसपी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और एसडीओपी आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त होंडा लियो मोटरसाइकिल भी जब्त की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
प्रधान संपादक