Explore

Search

July 24, 2026 7:09 pm

दुर्ग में 1.02 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, ग्राहक तलाशते दबोचा

दुर्ग CBN36। सुपेला थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए 1.02 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्लाटर हाउस के सामने आर.के. ग्राउंड के पास एक व्यक्ति गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संजीव चौहान (39) निवासी जवाहर नगर, बॉम्बे आवास, जामुल, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग बताया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद सफेद कैरी बैग में रखी गुलाबी पॉलीथीन से 1 किलो 20 ग्राम गांजा बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1048/2026 के तहत धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी सार्वजनिक स्थान पर गांजा रखकर उसकी बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा था। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिव नारायण सिंह सहित थाना सुपेला की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS