Explore

Search

June 28, 2026 8:12 pm

स्कूटी से शहर का जायजा लेने निकले डिप्टी सीएम अरुण साव, अरपा पुनरुद्धार की 250.93 करोड़ की योजना को सैद्धांतिक मंजूरी

बिलासपुर, 28 जून। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रविवार को स्कूटी से करीब तीन घंटे तक बिलासपुर शहर का भ्रमण कर विभिन्न विकास और निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाएं तय समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अनावश्यक देरी या लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम ने मंगला स्थित 10 एमएलडी और 6 एमएलडी क्षमता के निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), कोनी कन्वेंशन सेंटर, शिवघाट बैराज, रामसेतु के बाईं ओर बन रहे अटल पथ तथा अशोकनगर-बिरकोना गौरव पथ सहित विभिन्न परियोजनाओं का जायजा लिया। एसटीपी निर्माण में हो रही देरी पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि तय समय में काम पूरा नहीं करने वाले ठेकेदारों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

अरपा नदी को प्रदूषण मुक्त करने के लिए 250.93 करोड़ की योजना

डिप्टी सीएम ने कहा कि अरपा नदी बिलासपुर की जीवनरेखा है और इसके संरक्षण में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने अरपा नदी के पुनरुद्धार और प्रदूषण नियंत्रण के लिए तैयार 250 करोड़ 93 लाख रुपये की विस्तृत परियोजना को सैद्धांतिक सहमति देते हुए इसे जल्द अमल में लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में शहर के लगभग 70 नालों का दूषित पानी सीधे अरपा नदी में गिर रहा है। इसे रोकने के लिए नगर निगम ने विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार किया है। इसके तहत 57 स्थानों पर इंटरसेप्शन एवं डाइवर्जन स्ट्रक्चर, 13 स्थानों पर डाइवर्जन वियर, करीब 10 किलोमीटर डाइवर्जन सीवर, 2.77 किलोमीटर राइजिंग मेन, तीन सीवेज पंपिंग स्टेशन तथा दो नए एसटीपी का निर्माण किया जाएगा। इससे नालों का गंदा पानी उपचारित होने के बाद ही नदी में पहुंचेगा।

निगम आयुक्त को जल्द स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश

उप मुख्यमंत्री ने नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए कि परियोजना से जुड़ी सभी आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी कर राज्य शासन से त्वरित स्वीकृति दिलाई जाए, ताकि अरपा संरक्षण का कार्य शीघ्र शुरू हो सके।

उन्होंने शहर में अव्यवस्थित ढंग से लगे बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मरों को व्यवस्थित स्थानों पर स्थानांतरित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही कहा कि भविष्य में नए बिजली खंभे या ट्रांसफार्मर लगाने से पहले नगर निगम की अनिवार्य सहमति ली जाए।

कन्वेंशन सेंटर में पार्किंग बढ़ाने के निर्देश

कोनी स्थित कन्वेंशन सेंटर का निरीक्षण करते हुए डिप्टी सीएम ने पर्याप्त पार्किंग विकसित करने तथा पीछे स्थित शासकीय भूमि का उपयोग पार्किंग के लिए करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ठेकेदारों को दंडित करना नहीं, बल्कि जनहित के कार्य समय पर पूरे कराकर लोगों को उनका लाभ दिलाना है।

निरीक्षण के दौरान बेलतरा विधायक महापौर पूजा विधानी, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे सहित स्मार्ट सिटी, नगर निगम, लोक निर्माण, जल संसाधन विभाग और विद्युत विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS