
प्रधानमंत्री का कार्यक्रम विकसित भारत के संकल्प को देता है नई ऊर्जा : मुख्यमंत्री
रायपुर, 28 जून। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 135वीं कड़ी सुनी। इस दौरान उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ जनता और नेतृत्व के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बन गया है। प्रधानमंत्री के विचार देशवासियों को प्रेरित करने के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा भी तय करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री प्रत्येक कड़ी में देशभर के नवाचारों, जनभागीदारी और प्रेरक प्रयासों को सामने लाते हैं। इससे समाज में सकारात्मक कार्यों को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ के विभिन्न प्रसारणों में छत्तीसगढ़ के नवाचारों और उपलब्धियों का उल्लेख होना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि इस बार प्रधानमंत्री ने आगामी गणेशोत्सव के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मिट्टी से बनी भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित करने का आह्वान किया। साथ ही प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा के महत्व को रेखांकित किया। वर्षा जल की प्रत्येक बूंद के संरक्षण पर बल देते हुए जल संचय को जनआंदोलन बनाने की अपील भी की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ने मेघालय के जीवित रूट ब्रिज का उल्लेख करते हुए प्रकृति और मानव के समन्वय का उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने विज्ञान, तर्क और जागरूकता के माध्यम से समाज में व्याप्त अंधविश्वासों को दूर करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। असम की महिलाओं द्वारा ‘हरगिला आर्मी’ के जरिए दुर्लभ पक्षी हरगिला के संरक्षण और उससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के प्रयास को भी प्रेरणादायी बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने नागालैंड में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए संचालित नागालैंड बेबी लीग और नागालैंड वुमन फुटसाल लीग जैसी पहलों का उल्लेख किया। वहीं नालंदा विश्वविद्यालय और सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी की ओर से भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बताया कि डोमिनिकन रिपब्लिक में ‘ब्रह्मकमल डोमिनिकाना’ के सदस्य वैदिक साहित्य का अध्ययन कर भारतीय संस्कृति से जुड़ रहे हैं। इसके अलावा मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा की महिलाओं द्वारा प्लास्टिक अपशिष्ट से सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक बनाने की पहल को स्वच्छता और नवाचार का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, विधायक गोमती साय, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, सीजीएमएससी के अध्यक्ष दीपक म्हस्के, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, सच्चिदानंद उपासने, अखिलेश सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक


