Explore

Search

June 19, 2026 9:47 pm

घर में चोरी का खुलासा, तीन चोर और जेवर खरीदने वाली महिला गिरफ्तार

दुर्ग, 19 जून। पाटन थाना क्षेत्र में एक घर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों और चोरी के जेवर खरीदने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के जेवर और नगदी समेत कुल करीब 1.43 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थिया के घर में चोरी होने की शिकायत पर थाना पाटन में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले के खुलासे के लिए थाना पाटन और एसीसीयू दुर्ग की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि चोरी किए गए सोने के जेवर रायपुर निवासी एक महिला को बेच दिए थे। इसके बाद पुलिस ने खरीदार महिला को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों और महिला के कब्जे से एक सोने का गुलबंद, एक जोड़ी सोने की एयररिंग तथा 10 हजार रुपये नगद बरामद किए। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 43 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने आर्थिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से चोरी की घटना को अंजाम दिया था। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में ग्राम तर्रीघाट निवासी 20 वर्षीय मानषु टंडन, ग्राम सावनी निवासी 21 वर्षीय अजित बंधेल, 23 वर्षीय खिलेश्वर पटेल तथा रायपुर के चंगोराभाठा क्षेत्र निवासी 33 वर्षीय सिल्की देवांगन शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रकरण के सफल खुलासे में थाना पाटन और एसीसीयू दुर्ग की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने तकनीकी विश्लेषण, सतत निगरानी और त्वरित कार्रवाई के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से घरों और कीमती सामानों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि चोरी और अन्य अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS