रायगढ़, 15 जून। रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में पुलिस ने साप्ताहिक बाजारों में झपटमारी और पाकेटमारी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पांच महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से 18 ग्राम वजनी सोने की चैन, एक इको वाहन तथा मोबाइल फोन सहित लगभग सात लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, लैलूंगा निवासी सेवानिवृत्त शिक्षिका मरियम टोप्पो 13 जून को अपने पति के साथ साप्ताहिक बाजार में खरीदारी करने गई थीं। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले से सोने की चैन झपट ली। घटना के बाद बाजार में तैनात महिला आरक्षक पूनम साहू ने ग्रामीणों की मदद से एक संदिग्ध महिला मंगरीता गिरी को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दीपक गिरी को हिरासत में लिया। दोनों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वे बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र से अपने अन्य साथियों के साथ इको वाहन से लैलूंगा पहुंचे थे और भीड़भाड़ वाले बाजारों एवं मेलों में झपटमारी तथा पाकेटमारी की वारदातों को अंजाम देते थे।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जशपुर जिले में दबिश देकर गिरोह की अन्य महिला सदस्यों रीला गिरी, राजमोहनी उर्फ ठोली, सोनम गिरी और उर्मिला गिरी को भी हिरासत में लिया। सभी आरोपियों ने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपियों के कब्जे से पीड़िता की लगभग 18 ग्राम वजनी सोने की चैन, घटना में प्रयुक्त इको वाहन क्रमांक सीजी 30 जे 8035 तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद संपत्ति का कुल मूल्य लगभग सात लाख रुपये बताया गया है।
मामले में लैलूंगा थाना में अपराध दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि ग्रामीण हाट-बाजारों में आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि झपटमारी और पाकेटमारी जैसी घटनाओं में शामिल संगठित गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस की सतर्क निगरानी के चलते अपराधियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
प्रधान संपादक


