बिलासपुर, 13 जून। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन हाइवा, तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली, एक जेसीबी मशीन और एक ट्रेलर वाहन सहित कुल आठ वाहनों एवं मशीनों को जब्त किया है। वहीं भंडारण शर्तों के उल्लंघन और अनियमितता पाए जाने पर एक कोयला भंडारण डिपो को सील कर दिया गया है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश तथा उप संचालक, खनिज के मार्गदर्शन में खनिज विभाग द्वारा लगातार जांच और कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 10 जून को खनिज विभाग और सकरी पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम गतौरी में संचालित बालाजी कोल ट्रेडर्स एंड कंस्ट्रक्शन के अस्थायी कोयला भंडारण केंद्र का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान भंडारण अनुज्ञप्तिधारी द्वारा कोयले की गुणवत्ता में मिलावट एवं हेरफेर किए जाने के साथ ही भंडारण अनुज्ञा की शर्तों का उल्लंघन और अन्य अनियमितताएं पाई गईं। इस पर मौके से एक ट्रेलर वाहन और एक जेसीबी मशीन जब्त कर उन्हें थाना कोनी की अभिरक्षा में रखा गया। साथ ही संबंधित भंडारण केंद्र को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
इसके बाद 11 और 12 जून को खनिज अमले ने सकरी, कोटा, विजयपुर, दर्री और तखतपुर क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान दर्री-विजयपुर क्षेत्र में गिट्टी का परिवहन कर रहे एक हाइवा वाहन को जब्त किया गया। वहीं सकरी क्षेत्र में रेत का परिवहन कर रहे एक हाइवा तथा गिट्टी परिवहन कर रहे एक अन्य हाइवा वाहन को भी जब्त किया गया।
इसी तरह बिलासपुर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले की सीमा से लगे खोगसरा क्षेत्र में खनिज विभाग बिलासपुर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अरपा नदी क्षेत्र में अवैध रूप से रेत उत्खनन करते तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा और जब्त किया।
जब्त किए गए सभी आठ वाहन एवं मशीनों को थाना कोनी, सकरी, तखतपुर और गौरैला की अभिरक्षा में रखा गया है। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रधान संपादक


