रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के पश्चिम जोन पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए चाकूबाजी के आरोपी, आदतन वाहन चोर और ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट संचालक को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुलिस उप आयुक्त पश्चिम आईपीएस संदीप पटेल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा एवं सहायक पुलिस अधीक्षक आजाद चौक आईपीएस ईशु अग्रवाल के निर्देश पर की गई।
24 घंटे में चाकूबाजी का आरोपी गिरफ्तार
आईपीएस इशू अग्रवाल के अनुसार 8 मई 2026 की शाम रामकुंड क्षेत्र में आरोपी समीर निमाकर (18) ने पुरानी रंजिश और गर्लफ्रेंड से बातचीत को लेकर विवाद में प्रार्थी आदित्य ठाकुर के साथ गाली-गलौज की। इस दौरान उसने बटनदार चाकू से हमला करने का प्रयास किया, जिसमें प्रार्थी के कूल्हे में चोट आई। पुलिस टीम ने फरार आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया तथा वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आदतन वाहन चोर गिरफ्तार, दो वाहन बरामद
आजाद चौक थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान भुवन सारथी (22) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने सुनसान स्थानों पर खड़ी गाड़ियों का लॉक तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिल CG 04 KF 9994 तथा एक्टिवा CG 04 LV 5957 बरामद की गई। इसके अलावा चार साइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच जारी है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी एवं आबकारी एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।
ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट का पर्दाफाश
कबीर नगर थाना पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा मामले में पहले गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और मोबाइल फोरेंसिक जांच के आधार पर मुख्य संचालक लोकेश अग्रवाल को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से दो स्मार्टफोन जब्त किए हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी ‘allpanal777.now’ सहित कई सट्टा वेबसाइटों का मास्टर पैनल संचालित करता था और रायपुर सहित आसपास के जिलों में उसका नेटवर्क फैला हुआ था। पुलिस अब संबंधित बैंक खातों और लेनदेन की जांच कर रही है।पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
प्रधान संपादक


