बिलासपुर, 5 मई 2026। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिलेभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। जनदर्शन में शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से कुल 103 आवेदन विभिन्न विषयों से संबंधित प्राप्त हुए। इस दौरान नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
जनदर्शन में कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्राप्त आवेदनों में राजस्व, आवास, पेयजल, अतिक्रमण, सामाजिक सुरक्षा तथा आधारभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों की अधिकता रही।
पचपेड़ी तहसील के ग्राम बिनौरी निवासी तुलसीराम कुर्रे ने प्रधानमंत्री आवास योजना की स्वीकृत राशि में गड़बड़ी की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके नाम स्वीकृत 95 हजार रुपए की किश्त किसी अन्य व्यक्ति के खाते में स्थानांतरित कर दी गई। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत सीईओ को जांच कर राशि वापस दिलाने और दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
बेलतरा तहसील के बैमा गांव के ग्रामीणों ने मुक्तिधाम से अतिक्रमण हटाने संबंधी आदेश का पालन नहीं होने की शिकायत की। कलेक्टर ने एसडीएम बिलासपुर को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। तखतपुर क्षेत्र से भी कई आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें ग्राम सिलतरा निवासी श्रीमती गुलाबा बाई साहू द्वारा शौचालय निर्माण हेतु आर्थिक सहायता की मांग तथा ग्राम चनाडोंगरी निवासी राजेश कुमार द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत मजदूरी भुगतान लंबित होने की शिकायत शामिल रही। इन मामलों में जिला पंचायत को आवश्यक कार्रवाई करने कहा गया।
मोछ गांव के ग्रामीणों ने कुम्हार तालाब में अवैध मशीनों से खुदाई कर मुरूम चोरी की शिकायत की। कलेक्टर ने उप संचालक खनिज को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। रतनपुर तहसील के ग्राम पोंड़ में तालाब के नामांतरण और जलस्रोत को पाटे जाने की शिकायत पर कोटा एसडीएम को जांच के निर्देश दिए गए।
तखतपुर के ग्राम कुवां निवासी प्रतिम श्रीवास ने गैस कनेक्शन स्वीकृत होने के बावजूद सिलेंडर सुविधा नहीं मिलने की शिकायत की, जिस पर खाद्य नियंत्रक को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने कहा गया। बिल्हा विकासखंड के ग्राम गोढ़ी एवं ग्राम पत्थरखान में पेयजल संकट के मामलों पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को शीघ्र व्यवस्था बहाल करने के निर्देश दिए गए।
इमलीभांटा स्थित अटल आवास ब्लॉक-ए के निवासियों द्वारा आवासीय समस्याओं को लेकर प्रस्तुत आवेदन पर नगर निगम आयुक्त को आवश्यक निराकरण सुनिश्चित करने कहा गया। जनदर्शन में आज विभिन्न जनसमस्याओं पर प्रशासन की सक्रियता देखने को मिली, वहीं कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण कर आम नागरिकों को राहत पहुंचाई जाए।
प्रधान संपादक


