Explore

Search

May 4, 2026 6:32 pm

सपनों को लक्ष्य बनाकर निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

“ बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सीएम साय ने किया सम्मानित”

रायपुर, 4 मई 2026।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए केवल सपना देखना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे लक्ष्य में बदलकर निरंतर प्रयास करना ही सफलता की वास्तविक कुंजी है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने सोमवार को बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। बलरामपुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और उनके भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली।

संवाद के दौरान अधिकांश विद्यार्थियों ने डॉक्टर और इंजीनियर बनने की इच्छा जताई, जबकि कुछ विद्यार्थियों ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और न्यायिक सेवा में जाने का लक्ष्य साझा किया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के इन लक्ष्यों की सराहना करते हुए कहा कि समर्पण, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ किया गया प्रयास किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने में सहायक होता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही, उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता में अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें भी बधाई दी।

कार्यक्रम में कक्षा 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों में प्रतिभा गुप्ता, स्नेहा कुशवाहा, सोनू, कृष्णा, प्रिया लता कश्यप और अजय गुप्ता को सम्मानित किया गया। वहीं कक्षा 10वीं के मेधावी विद्यार्थियों में आर्यन गुप्ता, आराधना पटेल, रोशनी कांशी, आलिया परवीन और आरजू परवीन को मुख्यमंत्री से मिलने और मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिला।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS