Explore

Search

August 2, 2026 11:51 am

वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन अनिवार्य: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर, 2 मई 2026। मध्य प्रदेश में हाल ही में हुए क्रूज हादसे के मद्देनजर छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में संचालित वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा मानकों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जन सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने धमतरी, कोरबा सहित सभी जिलों के कलेक्टरों को निर्देशित किया है कि जहां-जहां वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां संचालित हो रही हैं, वहां तत्काल सुरक्षा ऑडिट कराया जाए और निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी वाटर स्पोर्ट्स स्थलों पर उपयोग में लाए जा रहे उपकरणों का नियमित तकनीकी परीक्षण किया जाए। साथ ही प्रशिक्षित और दक्ष कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। रेस्क्यू उपकरण, लाइफ जैकेट और अन्य आवश्यक सुरक्षा संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता और उनकी कार्यशील स्थिति बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कलेक्टरों को सतत निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि यदि कहीं भी सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित अधिकारियों या संचालकों के खिलाफ जिम्मेदारी तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों और पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। इस दिशा में यह आवश्यक है कि सभी वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां पूरी तरह सुरक्षित और निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित हों, ताकि किसी भी संभावित जोखिम को प्रभावी ढंग से रोका जा सके।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इन व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए और समय-समय पर इसकी रिपोर्ट राज्य शासन को प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि सतर्कता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए ही जन-जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS