
छत्तीसगढ़ ।रायगढ़ पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय “पुलिस यूथ यूनिटी स्पोर्ट्स” ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आज भव्य समापन होगा। अग्रोहा भवन में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के लगभग 170 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के पहले दिन प्रतियोगिता का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस शशि मोहन सिंह सहित प्रशासनिक एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया गया था। प्रतियोगिता में अंडर-14 एवं अंडर-17 वर्ग में बालक एवं बालिकाओं के मुकाबले आयोजित किए गए, जिनमें खिलाड़ियों ने उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लिया।

पहले दिन गर्ल्स वर्ग के मुकाबले सम्पन्न हुए, जिसमें विजेता खिलाड़ी फाइनल राउंड में पहुंच चुके हैं। वहीं आज बॉयज वर्ग के मुकाबलों के साथ दोनों वर्गों के फाइनल मैच खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

इस आयोजन की विशेष बात यह रही कि दिव्यांग बच्चों द्वारा प्रस्तुत ताइक्वांडो प्रदर्शन ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। उनके आत्मविश्वास और साहस ने उपस्थित लोगों को प्रेरित किया और खेल के प्रति सकारात्मक संदेश दिया।
प्रभारी कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत अभिजीत बबन पठारे ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि रायगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें उचित मंच और मार्गदर्शन देने की। रायगढ़ पुलिस की यह पहल सराहनीय है, जो खिलाड़ियों को जिला स्तर से आगे प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के अवसर प्रदान कर रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अपने संदेश में कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि रायगढ़ पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि युवाओं को सही दिशा देकर उनके उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करना भी है।

प्रतियोगिता के सफल संचालन में पुलिस अधिकारियों, ताइक्वांडो कोचों, रेफरी एवं आयोजक टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों एवं अभिभावकों के लिए आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

रायगढ़ पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और इस तरह के आयोजनों को सफल बनाने में सहयोग दें।
प्रधान संपादक


