सख्त रणनीति और सतत निगरानी से जूटमिल क्षेत्र में सटोरिया गिरफ्तार

“एसएसपी शशि मोहन सिंह का स्पष्ट चेतावनी आईपीएल की आड़ में अवैध सट्टेबाजी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं”
रायगढ़, 28 अप्रैल । जिले में अवैध ऑनलाइन एवं ऑफलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के प्रभावी नेतृत्व और सख्त निर्देशों का परिणाम अब लगातार दिखाई दे रहा है। उनके दिशा-निर्देशन में पुलिस टीमों द्वारा ताबड़तोड़ कार्रवाई कर सट्टेबाजी के नेटवर्क को ध्वस्त किया जा रहा है।
इसी क्रम में साइबर थाना एवं जूटमिल पुलिस की संयुक्त टीम ने कैदीमुड़ा ओवरब्रिज के पास आम गली में कार्रवाई करते हुए आईपीएल मैच के दौरान सट्टा संचालित कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस की सक्रियता और सतर्क निगरानी के चलते आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी अनुराग यादव (26) निवासी ट्रांसपोर्ट नगर जूटमिल के कब्जे से सट्टा पट्टी, मोबाइल फोन, नगद राशि एवं अन्य सामग्री बरामद की गई। मोबाइल जांच में ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिलने पर विधिवत जप्ती की कार्रवाई की गई।आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 एवं 7 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा रायगढ़ पुलिस अवैध सट्टेबाजी पर पूरी तरह नजर बनाए हुए है। आईपीएल जैसे आयोजनों की आड़ में कानून तोड़ने वालों के खिलाफ निरंतर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। किसी भी स्थिति में ऐसे अवैध कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा।
रायगढ़ पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की सट्टेबाजी या अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
प्रधान संपादक


