Explore

Search

April 22, 2026 3:04 pm

बिलासपुर से दिल्ली के लिए शाम की सीधी उड़ान 3 मई से :हवाई कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार

बिलासपुर, 21 अप्रैल 2026। बिलासा देवी केवट हवाई अड्डा के लिए 3 मई, रविवार एक महत्वपूर्ण दिन होने जा रहा है। एलायंस एयर द्वारा इस दिन से बिलासपुर से दिल्ली के लिए सीधी शाम की विमान सेवा शुरू की जाएगी, जिससे यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

बिलासपुर और दिल्ली के बीच प्रत्यक्ष हवाई सेवा की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने जा रही है। नई सेवा के अनुसार विमान शाम 6:20 बजे बिलासपुर पहुंचेगा और 6:45 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेगा। यह उड़ान रात 9:25 बजे दिल्ली पहुंचेगी। प्रारंभिक चरण में यह सेवा सप्ताह में एक दिन, प्रत्येक रविवार को संचालित की जाएगी। यात्रियों की संख्या और मांग के आधार पर इसे आगे चलकर सप्ताह में दो दिन तक बढ़ाने की योजना है।

नई उड़ान सेवा से यात्रियों को दिनभर के कार्यों के बाद सीधे राजधानी के लिए यात्रा करने की सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से व्यापारिक, शासकीय और निजी कार्यों से यात्रा करने वाले लोगों के लिए यह सेवा लाभकारी मानी जा रही है।

इसके अलावा, शाम के समय उड़ान संचालन से तकनीकी लाभ भी मिलेगा। दोपहर के उच्च तापमान के कारण विमानों पर लगने वाली ‘लोड पेनल्टी’ की समस्या कम होगी, जिससे विमान अपनी पूर्ण क्षमता के साथ उड़ान भर सकेंगे। इससे अधिक यात्रियों को सीट उपलब्ध हो सकेगी और यात्रा अनुभव बेहतर होगा।

यह नई हवाई सेवा न केवल बिलासपुर बल्कि पूरे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को गति देने में सहायक मानी जा रही है। बेहतर कनेक्टिविटी से व्यापार, पर्यटन और निवेश के अवसर बढ़ेंगे, जिससे क्षेत्रीय प्रगति को नई दिशा मिलने की संभावना है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS