Explore

Search

October 23, 2026 7:50 pm

हिंदी विश्वविद्यालय में युवा संसद प्रतियोगिता शनिवार को, डॉ. बालाजी चिरडे बने समूह समन्वयक

CBN36 वर्धा। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय में शनिवार, 24 अक्टूबर को राष्ट्रीय युवा संसद योजना के अंतर्गत 18वीं समूह स्तरीय राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन संसदीय कार्य मंत्रालय, नई दिल्ली के निर्देशानुसार विश्वविद्यालय के कस्तूरबा सभागार में कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा की अध्यक्षता में होगा। कार्यक्रम का उद्घाटन सुबह 11:30 बजे होगा। युवा संसद दोपहर 12 बजे तथा समापन सत्र 12:55 बजे आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में सांसद अमर काळे प्रमुख अतिथि तथा शिवाजी विद्यापीठ, महाराष्ट्र के समूह छह के समन्वयक प्रो. प्रल्हाद माने अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय के डॉ. आंबेडकर स्कूल ऑफ लॉ के निदेशक प्रो. डॉ. रविशंकर मोर करेंगे।

इसी बीच, विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. बालाजी चिरडे को 18वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता के समूह नौ का समन्वयक नियुक्त किया गया है। संसदीय कार्य मंत्रालय ने 19 अक्टूबर को इस संबंध में आदेश जारी किया। डॉ. चिरडे पटना, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु और ओडिशा के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं का समन्वय करेंगे। प्रतियोगिता के पहले चरण में समूह स्तरीय आयोजन 15 दिसंबर तक होंगे, जबकि दूसरे चरण में विजेता समूह राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करेंगे।

प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को संसदीय कार्यप्रणाली से परिचित कराना तथा उनमें सक्षम, निर्णायक और उत्तरदायी नेतृत्व विकसित करना है। डॉ. चिरडे की नियुक्ति पर कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने उन्हें बधाई देते हुए इसे विश्वविद्यालय के लिए राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व का महत्वपूर्ण अवसर बताया।

ग्राम सेवा मंडल गोपुरी में देशी एवं जैविक कपास से धागा निर्माण शुरू

वर्धा। आचार्य विनोबा भावे द्वारा वर्ष 1934 में स्थापित ग्राम सेवा मंडल, गोपुरी में खादी उत्पादन को नई दिशा मिली है। संस्था में देशी कपास से धागा बनाने वाले प्लांट ने काम शुरू कर दिया है। इससे स्वदेशी एवं जैविक कपास से खादी वस्त्रों के निर्माण में आत्मनिर्भरता बढ़ेगी और बाहरी स्रोतों पर निर्भरता कम होगी।

धागा निर्माण की शुरुआत के साथ कपास उत्पादन से लेकर कताई, बुनाई, धुलाई, रंगाई, सिलाई, रेडीमेड वस्त्र निर्माण और बिक्री तक की प्रक्रियाओं को एक ही परिसर में संचालित करने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। संस्था का उद्देश्य गांधी और विनोबा के विचारों के अनुरूप स्वदेशी उत्पादन, प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग तथा आत्मनिर्भर व्यवस्था को मजबूत करना है।

संस्था के ट्रस्टी एवं सचिव कौशल मिश्र ने कहा कि आपसी सहयोग और कार्यकर्ताओं के अनुभव से ग्राम सेवा मंडल खादी उत्पादन के क्षेत्र में अपनी गतिविधियों को और बेहतर बनाएगा। उन्होंने खादी से संबंधित जानकारी साझा करने के लिए अध्यक्ष चिन्मय जी के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्लांट के शुभारंभ अवसर पर संस्था के उपाध्यक्ष डॉ. तारक काटे, ट्रस्टी रविंद्र रुक्मिणी पंढरीनाथ, उपाध्यक्ष सुनील फर्सुले, नरहरी, लेखाकार सूरज करलुके, कार्यालय प्रमुख उमेश पोकले, प्लांट मैनेजर भीमराव बावनकर, वस्त्र विभाग की संयोजक पल्लवी साठवणे, निकिता, रामकृष्ण पेटकर, परमधाम प्रकाशन पवनार के किशन सुरकार, पाटील, राहुल प्रभाकर डाखोडे सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नेहारे ने किया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS