Explore

Search

May 10, 2026 11:59 am

एसपी विजय पाण्डेय की बड़ी सर्जरी, 106 पुलिसकर्मियों के किए तबादले

महिला थाना के लिए अलग टीम गठित, 31 मार्च को आईजी रेंज रामगोपाल गर्ग करेगे शुभारंभ

जांजगीर-चांपा, 25 मार्च। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। एसपी पाण्डेय ने पुलिस विभाग में व्यापक फेरबदल करते हुए 106 अधिकारी एवं कर्मचारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं।

जारी आदेश के अनुसार, लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ पुलिसकर्मियों को प्राथमिकता के आधार पर स्थानांतरित किया गया है। विशेष रूप से ऐसे कर्मचारी, जो लगभग तीन वर्षों से एक ही स्थान पर कार्यरत थे, उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। एसपी का मानना है कि इस निर्णय से कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी और पुलिसिंग अधिक प्रभावी होगी।

महिला थाना के लिए अलग टीम

एसपी विजय पाण्डेय ने जिले में नवीन महिला थाना के संचालन के लिए अलग टीम भी गठित की है। महिला थाना में 11 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की पदस्थापना की गई है। इसका प्रभार उपनिरीक्षक सिलमानी टोप्पो को सौंपा गया है, जो थाना प्रभारी के रूप में कार्य करेंगी। महिला थाना का शुभारंभ 31 मार्च को बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग द्वारा किया जाएगा।जिसकी तैयारियाँ शुरू कर दी गई हैं ।

रिस्पॉन्स टीम में भी बदलाव

आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए एसपी द्वारा रिस्पॉन्स टीम में भी बदलाव किया गया है। इससे आम नागरिकों को तेज और बेहतर पुलिस सेवा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय के इस कदम को जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।समय-समय पर इस तरह के फेरबदल से पुलिस महकमे में जवाबदेही और कार्यक्षमता दोनों बढ़ती हैं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS