रायगढ़, 25 मार्च। जिले के तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आमाघाट में अवैध अफीम खेती के मामले में रायगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी सिप्रियन भेंगरा (25 वर्ष) को झारखंड के खूंटी जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, आमाघाट स्थित खर्राघाट भैर नाला के पास अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मौके से कुल 60,326 अफीम के पौधे जब्त किए गए थे, जिनका वजन करीब 2877 किलोग्राम बताया गया। इसके अलावा आरोपियों के ठिकाने से 3.02 किलोग्राम अफीम भी बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15.10 लाख रुपये आंकी गई है।
इस मामले में अपराध क्रमांक 59/2026 के तहत धारा 8(बी), 18 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस पहले ही मुख्य आरोपी मार्शल संगा को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि उसके सहयोगी एमानुएल भेंगरा को भी सर्च ऑपरेशन के दौरान पकड़ा गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में तमनार एवं साइबर थाना की संयुक्त टीमों ने ओडिशा और झारखंड में सघन तलाशी अभियान चलाया। इसी क्रम में पहले एमानुएल भेंगरा को जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया, जबकि अब सिप्रियन भेंगरा को उसके गृहग्राम से दबिश देकर पकड़ा गया। दोनों आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में अवैध अफीम खेती में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मामले में आगे की जांच जारी है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन आघात के तहत मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रधान संपादक


