Explore

Search

May 10, 2026 12:51 pm

बर्ड फ्लू अलर्ट : कलेक्टर-एसएसपी ने संभाली कमान, देर रात कोनी में सघन निरीक्षण, सख्त निर्देश जारी

बिलासपुर, 24 मार्च 2026। जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि होते ही प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हालात पर नियंत्रण की कमान अपने हाथ में ले ली है। कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने देर रात स्वयं प्रभावित कोनी क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की कमान संभाली और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

संयुक्त दौरे के दौरान कलेक्टर और एसएसपी ने मौके पर मौजूद स्वास्थ्य, पशुपालन एवं नगर निगम की टीमों से सीधे संवाद कर कार्यों की समीक्षा की। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि संक्रमण की रोकथाम में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने प्रभावित क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन के रूप में कड़ाई से लागू करने, आवागमन पर नियंत्रण रखने तथा संक्रमित पोल्ट्री के सैंपलिंग, कुलिंग और वैज्ञानिक तरीके से निपटान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ाने और हर स्तर पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

वहीं, एसएसपी रजनेश सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कंटेनमेंट जोन में किसी भी प्रकार की अनावश्यक आवाजाही को सख्ती से रोका जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग करने, स्थिति पर नजर बनाए रखने तथा अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित क्षेत्र के नागरिकों की नियमित स्वास्थ्य जांच और संदिग्ध मामलों में तत्काल उपचार सुनिश्चित करने को कहा गया है। पशुपालन विभाग को पोल्ट्री फार्मों की सतत निगरानी और आवश्यक प्रतिबंध लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर निगम को क्षेत्र में व्यापक स्तर पर सैनिटाइजेशन, स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें, प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध स्थिति की जानकारी तुरंत दें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS