बिलासपुर।दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के विजिलेंस विभाग में अत्याधुनिक वीडियो रिकॉर्डिंग प्रणाली का उद्घाटन किया गया। इस प्रणाली का शुभारंभ महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने किया।
इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक विजय कुमार साहू, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक मनोज गुरुमुखी सहित रेलवे के विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह पहल संगठन में पारदर्शिता बढ़ाने, विजिलेंस जागरूकता को प्रोत्साहित करने तथा डिजिटल माध्यम से प्रशिक्षण एवं क्षमता विकास को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
प्रमुख सुविधाएं
नई प्रणाली के तहत विजिलेंस जागरूकता के लिए विशेष वीडियो कंटेंट तैयार किया जाएगा। विभिन्न विभागों द्वारा तकनीकी एवं ज्ञानवर्धक वीडियो मॉड्यूल विकसित किए जाएंगे, जिससे फील्ड स्तर के अधिकारियों और कर्मचारियों के कौशल में सुधार होगा।साथ ही, रिकॉर्डेड सामग्री 24 घंटे उपलब्ध रहेगी, जिससे कर्मचारी “कभी भी, कहीं भी” इसका उपयोग कर सकेंगे।
प्रणाली में 6 टीबी डिजिटल स्टोरेज की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिसमें हजारों वीडियो सुरक्षित रखे जा सकेंगे। इसके अलावा, प्रशिक्षण, बैठक और आपसी संवाद के लिए आधुनिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधा भी प्रदान की गई है।
सभी विभागों को मिलेगा लाभ

अधिकारियों ने बताया कि यह सुविधा केवल विजिलेंस विभाग तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि रेलवे के सभी विभागों के लिए उपयोगी होगी। इसके माध्यम से विभिन्न स्तरों के कर्मचारियों के लिए मल्टीमीडिया आधारित प्रशिक्षण मॉड्यूल विकसित किए जाएंगे।इससे संस्थागत ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा और कार्यकुशलता में सुधार आएगा।
इस मौके पर महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने विजिलेंस विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि तकनीक के उपयोग से पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन को और मजबूत किया जा सकता है।
प्रधान संपादक


