Explore

Search

February 20, 2026 7:07 pm

रायगढ़ पुलिस की इंटरस्टेट कार्रवाई, कोलकाता से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़


“उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने साफ शब्दों में कहा है कि जुआ और सट्टा करने वाले चाहे कहीं भी छुपे हों, उन्हें पकड़कर जेल भेजा जाएगा। जिले में जुआ-सट्टा पूरी तरह बंद कराने चलेगा पुलिस का लगातार अभियान ”

रायगढ़।क्रिकेट वर्ल्ड कप के नाम पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले रायगढ़ के शातिर सटोरियों का नेटवर्क आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। रायगढ़ पुलिस ने कोलकाता के हावड़ा स्थित एक होटल में दबिश देकर करोड़ों रुपये के ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा रैकेट का खुलासा किया है। कार्रवाई में लंबे समय से फरार चल रहे छह स्थायी वारंटी समेत आठ लोगों को हिरासत में लिया गया है।

एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह ने बताया कि आरोपी होटल के कमरों को ही कंट्रोल रूम बनाकर मोबाइल और लैपटॉप के जरिए देश के अलग-अलग राज्यों में क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे थे। ऑनलाइन बेटिंग ऐप के माध्यम से दांव लगवाए जा रहे थे और पूरा लेनदेन डिजिटल तरीके से किया जा रहा था।

स्थायी वारंटियों की तलाश खत्म, कोलकाता में दबोचा गया गिरोह

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह को सूचना मिली थी कि कोतवाली और चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के वांछित सटोरिए रायगढ़ छोड़कर कोलकाता से अपना नेटवर्क चला रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद साइबर थाना, कोतवाली और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर कोलकाता रवाना किया गया।

हावड़ा के एक होटल में दबिश के दौरान पुलिस ने स्थायी वारंटी धर्मेंद्र शर्मा, शेख मोहम्मद, मोहम्मद शाहबाज, मोहम्मद मजहर, मोहम्मद फारूक और रोहित बुटानी को गिरफ्तार किया। इनके साथ दो अन्य संदिग्ध अंकित सराफ और अजीत विश्वास भी मिले, जिनकी भूमिका की जांच जारी है।

25 मोबाइल, लैपटॉप-टैबलेट और सट्टे का हिसाब जब्त

होटल के कमरे से पुलिस ने 25 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप, एक टैबलेट, कैलकुलेटर, सट्टा से जुड़ा लेखा-जोखा और 36,500 नकद बरामद किया है। जब्त उपकरणों की जांच में सामने आया है कि बीते एक माह में करोड़ों रुपये की सट्टा राशि का लेनदेन किया गया।

पहले भी दर्ज हैं जुआ एक्ट के कई मामले

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ रायगढ़ के कोतवाली और चक्रधरनगर थानों में पहले से जुआ एक्ट के प्रकरण दर्ज हैं। न्यायालय से स्थायी वारंट जारी होने के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे। इस कार्रवाई के साथ कुल नौ स्थायी वारंटों की तामिली की गई है।

एसएसपी का अल्टीमेटम

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ शब्दों में कहा है कि जुआ और सट्टा करने वाले चाहे कहीं भी छुपे हों, उन्हें पकड़कर जेल भेजा जाएगा। जिले में जुआ-सट्टा पूरी तरह बंद कराने पुलिस लगातार अभियान चलाएगी।पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों और ऑनलाइन लेनदेन के पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन तथा एडिशनल एसपी अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन पर किए गए, इस सफल रेड कार्यवाही में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल थाना प्रभारी साइबर थाना निरीक्षक नासिर खान, सहायक उप निरीक्षक नंद कुमार सारथी, प्रधान आरक्षक राजेश पटेल ,आरक्षक महेश पंडा, पुष्पेंद्र जाटवर, सुरेश सिदार, प्रताप बेहरा, विकास प्रधान और थाना चक्रधरनगर साइबर थाना के स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। 

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS