बीट प्रणाली और ड्रोन तकनीक के समन्वय से जहाँ पुलिस की दृश्यता बढ़ेगी वहीं त्वरित कार्रवाई संभव होगी

ड्रोन तकनीक पुलिस के लिए बर्ड आई व्यू प्रदान करती है जिससे संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी अड्डेबाजी पर नियंत्रण और आपात स्थितियों में त्वरित निर्णय संभव होगा -आईजी रेंज गर्ग
छत्तीसगढ़ बिलासपुर।जिले में अपराध नियंत्रण कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा यातायात प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस द्वारा ड्रोन तकनीक आधारित विशेष निगरानी अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान को लेकर आईजी बिलासपुर रेंज आईपीएस राम गोपाल गर्ग ने कहा कि ड्रोन तकनीक पुलिस के लिए बर्ड आई व्यू प्रदान करती है जिससे संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी अड्डेबाजी पर नियंत्रण और आपात स्थितियों में त्वरित निर्णय संभव हो पाता है।
आईजी राम गोपाल गर्ग ने बताया कि ड्रोन का उपयोग ट्रैफिक मैनेजमेंट लॉ एंड ऑर्डर सिचुएशन हैंडलिंग अड्डेबाजी, संवेदनशील स्थानों की निगरानी तथा वीआईपी सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में किया जा रहा है। इससे पुलिस को वास्तविक समय में सटीक जानकारी मिलती है और मौके पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित होती है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस रजनेश सिंह के निर्देश पर हाल ही में सिरगिट्टी क्षेत्र में ड्रोन से प्राप्त लाइव इनपुट के आधार पर चिन्हित स्थानों पर दबिश देकर नशा व अड्डेबाजी में संलिप्त 15 संदिग्धों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। वहीं सरकण्डा क्षेत्र स्थित साइंस कॉलेज परिसर में आयोजित व्यापार मेले के दौरान ड्रोन के माध्यम से भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा गया।


आईजी श्री गर्ग ने बताया कि ड्रोन निगरानी अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा जिससे जिले के प्रत्येक थाना क्षेत्र में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।उन्होंने कहा कि इसी क्रम में जिले में बीट प्रणाली को मानक कार्यप्रणाली के अनुसार शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सुदृढ़ रूप से लागू किया गया है। प्रत्येक बीट क्षेत्र में छह आरक्षकों की तैनाती कर 24×7 गश्त सुनिश्चित की गई है। बीट अधिकारियों को अपराधी तत्वों, बाहरी व्यक्तियों नशा, जुआ-सट्टा चोरी नकबजनी एवं असामाजिक गतिविधियों पर सतत निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

आईजी राम गोपाल गर्ग ने कहा कि बीट प्रणाली और ड्रोन तकनीक के समन्वय से पुलिस की दृश्यता बढ़ेगी त्वरित कार्रवाई संभव होगी और सामुदायिक पुलिसिंग को नई मजबूती मिलेगी जिससे आम जनता में सुरक्षा का विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
प्रधान संपादक


