एसएसपी आईपीएस रजनेश सिंह ने कहा

बिलासपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार के लिए कोई जगह नहीं है। नशा तस्करी में लिप्त चाहे स्थानीय हों या अंतर्राज्यीय किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस द्वारा लगातार खुफिया निगरानी कर नशे के पूरे नेटवर्क को चिन्हित किया जा रहा है। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी और यह अभियान आगे भी पूरी सख़्ती के साथ जारी रहेगा।

बिलासपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे सघन अभियान ने नशा तस्करों की कमर तोड़ दी है। एसएसपी रजनेश सिंह की स्पष्ट “ज़ीरो टॉलरेंस” नीति के तहत जिले की पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई करते हुए नशे के नेटवर्क पर सीधा प्रहार कर रही है। इसी क्रम में थाना चकरभाठा पुलिस एवं ACCU बिलासपुर की संयुक्त कार्रवाई में तीन अंतर्राज्यीय नशा तस्करों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में हेरोइन बरामद की गई है, जिससे नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि एसीसीयू की टीम को सूचना मिली थी कि चकरभाठा क्षेत्र में पंजाब से लाकर हेरोइन बेची जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सीएसपी निमितेष सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर संदिग्धों पर निगरानी रखी गई। जांच के दौरान पुलिस ने चकरभाठा निवासी मोहित हिंदूजा (32) और करनदीप सिंह (29) को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे पंजाब के तरनतारन जिले के खेमकरण गांव निवासी राजिंदर कुमार (35) से हेरोइन मंगाते थे। जानकारी मिली कि राजिंदर इन दिनों बिलासपुर के तिलक नगर क्षेत्र में मौजूद है। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 35 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
अभियान के तहत लगातार कार्रवाई
सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर जिलेभर में नशे के कारोबारियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बीते तीन दिनों में एनडीपीएस एक्ट के तहत सात प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें 13 नशीली टेबलेट, नशीले इंजेक्शन और दो किलो गांजा जब्त किया गया है। सभी मामलों में सप्लाई चैन तक पहुंचने के लिए इंड टू इंड कार्रवाई की जा रही है।
आदतन बदमाश के पास से पिस्टल और नशीली दवाएं
इधर, सिविल लाइन पुलिस ने जरहाभाठा मिनी बस्ती निवासी स्वराज कुर्रे को नशीली दवाओं और एक पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन टीम ने उसे दबोच लिया। पुलिस के अनुसार वह पहले भी अवैध हथियार के मामले में पकड़ा जा चुका है और वर्तमान में जमानत पर था।
पाकिस्तान कनेक्शन की आशंका
पंजाब का तरनतारन जिला पाकिस्तान सीमा से सटा हुआ है। पूर्व में भी छत्तीसगढ़ में पंजाब से लाए गए नशीले पदार्थों के मामलों में पाकिस्तान कनेक्शन सामने आ चुका है। हालिया गिरफ्तारी के बाद पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह के तार सीमा पार से जुड़े हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
प्रधान संपादक


