बिलासपुर, 03 फरवरी 2026।कलेक्टर आईएएस संजय अग्रवाल ने साप्ताहिक जनदर्शन के दौरान आज दूर-दराज से आए ग्रामीणों और नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने एक-एक कर लोगों से मुलाकात कर उनके आवेदन प्राप्त किए तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनदर्शन में व्यक्तिगत एवं सामुदायिक हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लगभग 150 आवेदन प्राप्त हुए। इस दौरान नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे एवं जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल भी उपस्थित रहे और लोगों की समस्याएं सुनीं।

जनदर्शन में बेलतरा तहसील के ग्राम टेकर की श्रीमती चंद्रिका बाई साहू ने विधवा पेंशन की राशि विगत दो वर्षों से नहीं मिलने की शिकायत की। कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग के संयुक्त संचालक को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्राम सिंघरी की मालती बाई ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत तीसरी किश्त की राशि नहीं मिलने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि दो किश्त प्राप्त हो चुकी हैं, लेकिन आवास मित्र द्वारा आगे की प्रक्रिया नहीं की जा रही है। कलेक्टर ने मामले की जांच हेतु जिला पंचायत सीईओ को निर्देशित किया।
ग्राम तेंदुआ के ग्रामीणों मनहरण कैवर्त श्यामलाल सहित अन्य ने तालाब मार्ग पर अवैध निर्माण की शिकायत की। ग्रामीणों ने बताया कि सुखराम यादव द्वारा तालाब के रास्ते में घर का निर्माण किया जा रहा है, जिससे आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है। कलेक्टर ने एसडीएम कोटा को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

ओमप्रकाश सोनी ने पुल निर्माण हेतु अधिग्रहित पैतृक भूमि का मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की। कलेक्टर ने प्रकरण को लोक निर्माण विभाग के अधिकारी को सौंपा।
मदनपुर निवासी बसंती बाई देवार ने घर में आगजनी से हुई आर्थिक क्षति के लिए सहायता राशि की मांग की। उन्होंने बताया कि उनकी अनुपस्थिति में आग लगने से घर का सारा सामान जल गया। कलेक्टर ने मामले की जांच के लिए एसडीओ बिलासपुर को निर्देशित किया।
दिव्यांग नागरिक रवि निषाद ने सामाजिक सुरक्षा दिव्यांग पेंशन का लाभ दिलाने की मांग की, जिस पर कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
सेलर निवासी राजेश धुरी ने प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना का लाभ दिलाने हेतु आवेदन दिया। कलेक्टर ने श्रम विभाग के अधिकारी को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
शहर की श्रीमती शांति परदेशी ने तहसीलदार द्वारा पारित नामांतरण आदेश के बाद भी पटवारी द्वारा बी-1 प्रविष्टि नहीं किए जाने की शिकायत की। कलेक्टर ने इस प्रकरण को एसडीओ बिलासपुर को सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रधान संपादक


