Explore

Search

March 22, 2026 12:50 pm

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार को मारी टक्कर, मौके पर मौत

बिलासपुर। रायपुर रोड पर मोहदा मोड़ के पास बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार किसान की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार सड़क पर जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि मृतक के सिर, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर हिर्री पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार वाहन और चालक की तलाश कर रही है।


मिली जानकारी के अनुसार चकरभाठा क्षेत्र के ग्राम अचानकपुर निवासी रामबगस ओगरे किसान थे। बुधवार को वे अपनी बाइक से अपनी बहन के घर ग्राम अटर्रा जाने के लिए निकले थे। दोपहर करीब चार बजे जब वे रायपुर रोड स्थित मोहदा मोड़ के पास पहुंचे, तभी बिलासपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि रामबगस ओगरे कई फीट दूर जा गिरे और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए सिम्स अस्पताल भेज दिया। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। हिर्री थाना पुलिस ने अज्ञात स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि दुर्घटनाकारित वाहन की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे की वजह मानी जा रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS