बिलासपुर। महंगी गाड़ियों में घूमने और ऐशो-आराम की जिंदगी जीने के शौक ने कुछ युवकों को अपराध की राह पर धकेल दिया। शहर के अलग-अलग इलाकों में लगातार हो रही बाइक और मकान चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो नाबालिग और एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पांच चोरी की बाइक सहित बड़ी मात्रा में चोरी का सामान जब्त किया गया है।

कोतवाली सीएसपी गगन कुमार ने बताया कि दयालबंद निवासी अमन सिंह बघेल ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बुलेट बाइक अज्ञात चोरों ने चोरी कर ली है। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसी दौरान एसीसीयू की टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि दीनदयाल कॉलोनी, मंगला निवासी आयुष एक्का (20) चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आयुष एक्का को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान वह गोलमोल जवाब देता रहा, लेकिन सख्ती बरतने पर उसने अपने दो नाबालिग दोस्तों के साथ मिलकर शहर के विभिन्न इलाकों में महंगी बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने एक सूने मकान को भी निशाना बनाकर वहां से घरेलू सामान चोरी किया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तीन बुलेट बाइक, एक जावा बाइक और एक पल्सर बाइक जब्त की है। इसके अलावा चोरी के रूम हीटर, साउंड बॉक्स, हेयर ड्रायर, की-बोर्ड, माउस, प्रिंटर, टीवी, कैमरा, चांदी की पायल सहित घटना में प्रयुक्त हथौड़ी, मास्क और कटर भी बरामद किए गए हैं। सीएसपी गगन कुमार ने बताया कि आरोपियों ने कोतवाली थाना क्षेत्र के अलावा सकरी और सरकंडा क्षेत्र में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपित युवक को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। वहीं, दोनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
प्रधान संपादक


