बिलासपुर। इलाज कराकर घर लौट रही एक युवती के हाथ से मोबाइल फोन लूटकर फरार होने वाले दो युवकों को एसीसीयू (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवकों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बाइक को जब्त कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को चकरभाठा पुलिस के हवाले कर न्यायालय में पेश किया गया है।

एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि एक जनवरी को ग्राम केंवाछी निवासी परमेश्वरी पोर्ते (19) ने चकरभाठा थाने में झपटमारी की शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ने पुलिस को बताया कि वह दांतों के इलाज के लिए डेंटल कॉलेज गई थी। इलाज के बाद घर लौटते समय साधन नहीं मिलने पर वह पैदल ही निकल पड़ी और रास्ते में अपने भाई से मोबाइल पर बात कर रही थी। इसी दौरान जब वह डायमंड होटल के पास पहुंची, तभी पीछे से आए बाइक सवार युवक ने झपट्टा मारकर उसके हाथ से मोबाइल छीन लिया और मौके से फरार हो गया। शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान साइबर सेल की मदद से मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की गई, जिससे पता चला कि लूटा गया मोबाइल मस्तूरी क्षेत्र के जयरामनगर में सक्रिय है। इसके आधार पर एसीसीयू की टीम ने खैरा, जयरामनगर निवासी रोशन श्रीवास (22) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान रोशन ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी मोहम्मद सेराज, निवासी ग्राम रामचंद्रा, थाना कुरमी, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) के साथ मिलकर झपटमारी की घटना को अंजाम दिया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने तिफरा काली मंदिर के पास से दूसरे आरोपी मोहम्मद सेराज को भी गिरफ्तार कर लिया।
चोरी की बाइक से की गई झपटमारी
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपियों ने वारदात से पहले बरतोरी क्षेत्र से एक बाइक चोरी की थी। उसी चोरी की बाइक का उपयोग कर युवती से मोबाइल झपटने की घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की बाइक भी जब्त कर ली है। एसीसीयू की टीम द्वारा कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को चकरभाठा पुलिस के सुपुर्द किया गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए दोनों को न्यायालय में पेश किया है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।
प्रधान संपादक


