Explore

Search

February 3, 2026 7:36 pm

सोने-चांदी के जेवर ले गए चोर, पुलिस ने 20 साल पुरानी कीमत पर दर्ज किया मामला

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के लोखंडी इलाके में एक वृद्ध महिला के सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के जेवर और 50 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर लिया है। लेकिन चोरी गए सोने की कीमत करीब 20 साल पुरानी दर पर आंकी गई हैं। फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है।


सकरी क्षेत्र के बीएन सिटी, लोखंडी में रहने वाली बबीता बोकाड़े ने थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी मां बीना चटर्जी वृद्ध हैं। उम्र अधिक होने के कारण उनकी देखरेख के लिए उषा उपवन क्षेत्र में किराए का मकान लिया गया था। मकान में उनकी मां को रहते हुए अभी एक महीना ही हुआ था। सुरक्षा की दृष्टि से बबीता रोज रात अपनी मां को अपने बीएन सिटी स्थित घर ले जाया करती थीं। बबीता ने बताया कि 22 जनवरी की रात करीब आठ बजे वह अपनी मां को उषा उपवन स्थित मकान से बीएन सिटी अपने घर ले गई थीं। इसके बाद मकान सूना था। रात करीब तीन बजे पड़ोसी ने फोन कर सूचना दी कि उनकी मां के मकान में कुछ संदिग्ध लोग घुसे हुए दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलते ही बबीता अपने परिजन के साथ मौके पर पहुंचीं। मकान का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ था और अंदर जाने पर सारा सामान बिखरा पड़ा मिला। आलमारी का ताला तोड़कर चोरों ने उसमें रखे सोने के टाप्स, सोने के कंगन, सोने की चेन और 50 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद बबीता ने सकरी थाने पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने चोरी गए सोने की कीमत मौजूदा बाजार भाव के बजाय करीब 20 साल पहले की दर पर आंककर मामला दर्ज किया है, जिससे नुकसान की वास्तविक राशि कम दर्शाई गई है। इसे लेकर परिजन नाराजगी भी जता रहे हैं।

संदेहियों की तलाश जारी
चोरी की सूचना मिलने के बाद सकरी पुलिस ने मौके का मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं। साथ ही क्षेत्र के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस आदतन बदमाशों की गतिविधियों की जानकारी भी जुटा रही है। थाना पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS