यातायात नियमों के उल्लंघन पर 20,150 प्रकरणों में वर्ष 2025 में 77.86 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया
ओवरस्पीड, ओवरलोड और नो पार्किंग पर भी बढ़ी चालानी कार्रवाई,सड़क सुरक्षा के लिए ‘थ्री ई’ मॉडल पर काम कर रही जशपुर पुलिस
जशपुर। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और उनमें हो रही मौतों को चुनौती के रूप में लेते हुए जशपुर पुलिस ने वर्ष 2025 में यातायात नियमों के पालन को लेकर सख्त रुख अपनाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियानों और जागरूकता कार्यक्रमों का असर यह रहा कि सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु की संख्या में कमी दर्ज की गई।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2023 में सड़क दुर्घटनाओं में 256 मौतें हुई थीं, जबकि 2024 में यह आंकड़ा बढ़कर 341 हो गया था। इसके बाद वर्ष 2025 में लक्ष्य निर्धारित कर विशेष प्रयास किए गए, जिसके परिणामस्वरूप दुर्घटनाओं में मौतों की संख्या घटकर 310 रह गई। हालांकि यह आंकड़ा अभी भी चिंताजनक है, लेकिन पुलिस का कहना है कि आगे इसमें और कमी लाने के लिए प्रयास जारी रहेंगे।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई
जशपुर पुलिस ने वर्ष 2025 में यातायात नियमों के उल्लंघन पर कुल 20,150 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 77 लाख 86 हजार 900 रुपये का जुर्माना वसूल किया। यह आंकड़ा वर्ष 2024 के 8,855 प्रकरणों और 6 लाख 59 हजार 200 रुपये के जुर्माने की तुलना में कई गुना अधिक है।
नशे में वाहन चलाने के मामलों में सबसे अधिक वृद्धि दर्ज की गई। वर्ष 2024 में जहां ऐसे केवल 12 प्रकरण दर्ज हुए थे, वहीं 2025 में यह संख्या बढ़कर 326 हो गई, जिनमें 31 लाख 75 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
इसी तरह बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने के 941 प्रकरणों में 4 लाख 74 हजार रुपये, बिना हेलमेट के 1,644 प्रकरणों में 7 लाख 58 हजार 800 रुपये, ओवरस्पीड के 79 प्रकरणों में 1 लाख 8 हजार 700 रुपये, ओवरलोड के 12 प्रकरणों में 2 लाख 13 हजार रुपये तथा नो पार्किंग के 635 प्रकरणों में 1 लाख 90 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर 17,160 प्रकरणों में 32 लाख 70 हजार 400 रुपये वसूले गए।
जागरूकता और ‘थ्री ई’ मॉडल पर फोकस
पुलिस ने यातायात सुधार के लिए थ्री ई (EEE) मॉडल पर कार्य किया, जिसमें इंजीनियरिंग, एजुकेशन और इंफोर्समेंट शामिल हैं। इंजीनियरिंग के तहत अति दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों की पहचान कर सड़क सुधार कार्य कराए गए। एजुकेशन के अंतर्गत स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए, जबकि इंफोर्समेंट के तहत नियम तोड़ने वालों पर चालानी कार्रवाई की गई।
एसएसपी की अपील
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन न चलाएं, ओवरस्पीड से बचें तथा नशे की हालत में वाहन न चलाएं। उन्होंने कहा कि नागरिकों का जीवन उनके और उनके परिवार के लिए अमूल्य है और नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।
प्रधान संपादक


