Explore

Search

January 12, 2026 10:31 pm

धान खरीदी केंद्रों का कलेक्टर अग्रवाल ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायज़ा किसानों को धान बेचने में न हो असुविधा

बिलासपुर, 27 नवंबर 2025। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने गुरुवार को तखतपुर विकासखंड के ग्राम खम्हरिया, नगोई और ढनढन स्थित धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खरीदी प्रक्रिया, सुविधाओं, किसानों की उपस्थिति और प्रबंधन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली।

कलेक्टर ने केंद्रों में पहुंचे किसानों से बातचीत कर उनका फीडबैक भी प्राप्त किया। किसानों ने बताया कि इस वर्ष खरीदी प्रक्रिया पहले की तुलना में तेज, सुचारू और पारदर्शी है। केंद्रों में छाया, पानी, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे उन्हें किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।

कलेक्टर अग्रवाल ने समिति प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो और शासन द्वारा जारी 16 बिंदुओं के निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने तोल प्रक्रिया, भंडारण, टोकन वितरण तथा ऑनलाइन प्रविष्टि संबंधी व्यवस्थाओं की भी बारीकी से जांच की।

निरीक्षण के दौरान किसानों से उनकी उपज, खेती के रकबे और मौसम से संबंधित चुनौतियों पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने किसानों को रबी सीजन में दलहन-तिलहन सहित अन्य फसलों की खेती के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सरकार इन फसलों के लिए बीज और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करा रही है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी।

ग्राम ढनढन के किसान हरचंद पटेल और रमेश साहू ने बताया कि केंद्र में समय पर तौल हो रही है और टोकन वितरण प्रक्रिया पारदर्शी है। किसान रमेश साहू ने बताया कि वह 50 क्विंटल धान बेचने पहुंचे थे और पूरी प्रक्रिया बिना किसी बाधा के सम्पन्न हुई।

ढनढन केंद्र में अब तक 3,000 क्विंटल से अधिक धान की खरीदी हो चुकी है। यहां 777 किसान पंजीकृत हैं और आसपास के पांच गांवों के किसान अपना धान बिक्री के लिए लाते हैं।

निरीक्षण के दौरान खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर, उपपंजीयक चंद्रशेखर जायसवाल, सहकारी बैंक के सीईओ प्रभात मिश्रा नोडल अधिकारी आशीष दुबे जिला विपणन अधिकारी अमित चंद्राकर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS