Explore

Search

March 1, 2026 6:16 pm

एनएच–53 पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने हेतु वैकल्पिक मार्ग प्रस्ताव, संयुक्त निरीक्षण संपन्न

दुर्ग।रायपुर स्थित नेशनल हाईवे 53 पर लगातार बढ़ते वाहन दबाव को कम करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा वैकल्पिक मार्ग विकसित करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया है। प्रस्तावित मार्ग का प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम ने स्थल निरीक्षण किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार औद्योगिक गतिविधियों तथा दैनिक आवागमन में वृद्धि के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर यातायात दबाव लगातार बढ़ रहा है। इस परिप्रेक्ष्य में आयोजित सड़क सुरक्षा बैठक में यातायात पुलिस द्वारा वैकल्पिक मार्ग विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया था।

प्रस्तावानुसार खुर्शीपार गेट रोलिंग मिल से भिलाई स्टील प्लांट क्षेत्र के समीप सिरसा गेट अंडर ब्रिज होते हुए मोतीपुर मार्ग के जरिए रायपुर तक संभावित वैकल्पिक मार्ग चिन्हित किया गया है। इस मार्ग के उपयोग से दुर्ग–रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग–53 पर यातायात का विभाजन किया जा सकेगा।

1 मार्च 2026 को कलेक्टर दुर्ग एवं एसएसपी विजय अग्रवाल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात आयुक्त नगर निगम भिलाई, एसडीएम भिलाई-3, भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन, लोक निर्माण विभाग दुर्ग के कार्यपालन अभियंता तथा यातायात पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में संयुक्त निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान मार्ग की वर्तमान स्थिति, सड़क की चौड़ाई, प्रमुख जंक्शन बिंदु, सुरक्षा संकेतकों की उपलब्धता एवं संभावित यातायात क्षमता का परीक्षण किया गया। प्रारंभिक आकलन के आधार पर प्रस्ताव को विस्तृत विचार-विमर्श के उपरांत सक्षम प्राधिकारी को स्वीकृति हेतु प्रेषित किया जाना संभावित है।

प्रस्ताव स्वीकृत होने की स्थिति में दुर्ग–रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग–53 पर जाम की स्थिति में कमी आने, दुर्घटनाओं में नियंत्रण तथा आपातकालीन परिस्थितियों में वैकल्पिक मार्ग की उपलब्धता सुनिश्चित होने की संभावना है। इससे प्रतिदिन रायपुर आने-जाने वाले नागरिकों को भी सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके ।

दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS