Explore

Search

March 2, 2026 12:15 am

बिलासपुर में होली पर सख्त सुरक्षा घेरा, अपराधियों पर रहेगी कड़ी नजर

200 से अधिक पुलिस बल के साथ शहर में फ्लैग मार्च, एसएसपी रजनेश सिंह ने दिए सख्त निर्देश

बिलासपुर, 1 मार्च 2026। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से एसएसपी बिलासपुर ने व्यापक सुरक्षा तैयारियां की हैं। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकआईपीएस रजनेश सिंह ने जिले के सभी समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की समीक्षा बैठक लेकर कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक में विगत वर्षों के अपराध रिकॉर्ड, संवेदनशील क्षेत्रों, मिश्रित आबादी वाले इलाकों तथा भीड़भाड़ वाले बाजारों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। एसएसपी श्री सिंह ने निर्देश दिए कि निगरानी बदमाशों, आदतन अपराधियों और वारंटियों की सघन जांच कर आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

एसएसपी सिंह ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान अवैध शराब बिक्री, नशाखोरी, हुड़दंग, जबरन रंग लगाने और तेज रफ्तार वाहन संचालन पर विशेष सख्ती बरती जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को अतिरिक्त पेट्रोलिंग, पैदल गश्त और रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी पुलिस की नजर रहेगी। साइबर सेल को सक्रिय कर भ्रामक अथवा साम्प्रदायिक सौहार्द प्रभावित करने वाले संदेशों की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक के उपरांत कलेक्टर आईएएस संजय अग्रवाल एवं एसएसपी रजनेश सिंह के नेतृत्व में शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में संयुक्त फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस ग्राउंड से प्रारंभ हुआ फ्लैग मार्च विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः वहीं समाप्त हुआ। इसमें 200 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं 50 से अधिक वाहन शामिल रहे।

फ्लैग मार्च के माध्यम से नागरिकों को शांति और भाईचारे के साथ होली मनाने का संदेश दिया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी थाना एवं चौकी स्तर पर फ्लैग मार्च आयोजित कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया।

एसएसपी श्री सिंह ने कहा कि डीजे, जुलूस और सार्वजनिक आयोजनों के लिए पूर्व अनुमति अनिवार्य होगी तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा।

एएसपी सिटी पंकज पटेल ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS