Explore

Search

November 14, 2025 6:36 am

वंदे मातरम के 150 वर्ष: 7 नवम्बर से शुरू होगा वर्षभर चलने वाला राष्ट्रगौरव उत्सव

छत्तीसगढ़ में चार चरणों में होंगे आयोजन, जनभागीदारी से गूंजेगा राष्ट्रप्रेम

रायपुर।वंदे मातरम् गीत के 150 वर्ष पूरे होने पर देशभर में वर्षभर चलने वाला जनअभियान 7 नवम्बर से शुरू होगा। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के मार्गदर्शन में आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ भी पूरे उत्साह से भाग लेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि वंदे मातरम् की गूंज नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और गर्व की भावना जगाएगी। यह केवल गीत नहीं, बल्कि भारत की आत्मा का स्वर है।

7 नवम्बर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस अभियान का शुभारंभ करेंगे। सुबह 10 से 11 बजे तक दूरदर्शन पर सीधा प्रसारण होगा, जिसके बाद देशभर में एक साथ “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन किया जाएगा। गीत के बोल और धुन पोर्टल vandemataram150.in पर उपलब्ध हैं।

चार चरणों में संपन्न होगा आयोजन

प्रथम चरण 7 से 14 नवम्बर 2025, द्वितीय 19 से 26 जनवरी 2026, तृतीय 7 से 15 अगस्त 2026 (हर घर तिरंगा अभियान के साथ) और चतुर्थ चरण 1 से 7 नवम्बर 2026 तक।

राज्य के सभी जिलों में मंत्री, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विशेष कार्यक्रम होंगे। स्थानीय कलाकारों, विद्यार्थियों और सामाजिक संस्थाओं की सहभागिता से यह अभियान एक जनआंदोलन का रूप लेगा।

विद्यालयों और महाविद्यालयों में वंदे मातरम् पर निबंध, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, पोस्टर निर्माण और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएँ होंगी। एनसीसी, एनएसएस और स्काउट-गाइड दल देशभक्ति गीतों की धुन पर प्रस्तुतियाँ देंगे, वहीं पुलिस बैंड भी सार्वजनिक स्थलों पर कार्यक्रम प्रस्तुत करेगा।

राज्यभर में वंदे मातरम् ऑडियो-वीडियो बूथ लगाए जाएंगे, जहाँ नागरिक अपनी आवाज़ में “वंदे मातरम्” गाकर उसे पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। यह पहल लोगों को अपने तरीके से राष्ट्रप्रेम व्यक्त करने का अवसर देगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान राष्ट्र की एकता, आत्मगौरव और मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रतीक बनेगा।वंदे मातरम् की गूंज हर हृदय में देशभक्ति ऊर्जा और गर्व का संचार करेगी। 

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS