बिलासपुर। शहर में बिना नंबर प्लेट की बाइक पर तेज रफ्तार और खतरनाक स्टंट करने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। लगातार बढ़ रही शिकायतों और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए रविवार की शाम पुलिस ने रिवर व्यू क्षेत्र में अभियान चलाकर तीन युवकों को पकड़ लिया। आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की धारा 281 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 और 189 के तहत कार्रवाई की गई है।

सीएसपी सिविल लाईन निमितेष सिंह ने बताया कि शहर में स्पीड बाइक पर स्टंट करने का चलन तेजी से बढ़ रहा था। यह न केवल उनकी बल्कि आम लोगों की जान के लिए भी खतरा बन गया था। इस पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने विशेष बाइक पेट्रोलिंग और वाहनों की जांच शुरू की है। इसी अभियान के तहत रविवार को रिवर व्यू क्षेत्र में पुलिस की टीम ने निगरानी रखी। इस दौरान पल्सर बाइक पर तेज रफ्तार के साथ स्टंट कर रहे साहिल यादव (18) निवासी सेंदरी, अनुराग पटेल (21) निवासी मंगला, मुंगेली जिले के जेठूकापा निवासी विकास यादव (21) और आशीष एक्का (26) को पकड़ लिया गया। इनमें से एक बाइक चालक वाहन के दस्तावेज नहीं दिखा पाया, जिस पर चोरी की आशंका जताते हुए पुलिस ने बाइक जब्त कर ली है।
त्योहार के दौरान सख्ती
त्योहार के मौसम में शहर में भीड़भाड़ और रौनक बढ़ने के साथ ही असामाजिक तत्व सक्रिय हो जाते हैं। इसे देखते हुए पुलिस की ओर से बदमाशों पर नजर रखने और शांति व्यवस्था बनाए रखने विशेष अभियान चलाया जा रहा है। धारदार हथियार लेकर घूमने वालों को पकड़ा जा रहा है। साथ ही तेज रफ्तार में वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि त्योहारों में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकना उनकी प्राथमिकता है।
भीड़भाड़ वाले इलाकों में बाइक पेट्रोलिंग
पुलिस ने बताया कि त्योहारों के दौरान बाजारों और गलियों में भीड़ बढ़ेगी। इस पर नियंत्रण रखने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए बाइक पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है। संबंधित थाना क्षेत्रों के जवान भीड़भाड़ वाली जगहों पर तैनात रहेंगे। पेट्रोलिंग टीमें लगातार गलियों और बाजारों का दौरा कर संदिग्धों पर नजर रखेंगी और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई भी करेंगी।

प्रधान संपादक




