Explore

Search

October 24, 2026 5:56 pm

बच्चों के पैरों में लगे पहिए, मोबाइल छोड़ मैदान में करेंगे धमा चौकड़ी

बिलासपुर। चेतना अभियान के तहत सरकंडा क्षेत्र में बच्चों को मोबाइल की लत से दूर कर शारीरिक गतिविधियों की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से स्केटिंग प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत की गई है। एक माह तक चलने वाले इस शिविर में बच्चों को स्केटिंग की बारीकियां सिखाई जाएंगी। शिविर का शुभारंभ सोमवार को एएसपी राजेंद्र जायसवाल ने किया।



यह प्रशिक्षण शिविर 29 अप्रैल से 30 मई तक साइंस कॉलेज मैदान में प्रतिदिन सुबह 6 से 8 बजे तक आयोजित किया जाएगा। डीएसपी सिद्धार्थ बघेल ने बताया कि एसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर ‘चेतना अभियान’ के अंतर्गत ‘आओ संवारे कल अपना’ कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी क्रम में स्केटिंग शिविर की पहल की गई है ताकि बच्चे टीवी, मोबाइल और सोशल मीडिया से समय निकालकर खुले मैदान में सक्रिय भागीदारी करें और स्वस्थ जीवनशैली की ओर अग्रसर हों।
शिविर के शुभारंभ अवसर पर एएसपी जायसवाल ने उपस्थित बच्चों और उनके पालकों को नशामुक्ति, साइबर फ्रॉड से बचाव और ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बच्चों का मानसिक और शारीरिक विकास तभी संभव है जब वे तकनीकी उपकरणों के अत्यधिक प्रयोग से बचें और खेलों में रुचि लें।
इस अवसर पर सरकंडा थाना प्रभारी निलेश पांडेय, स्केटिंग क्लब की प्रशिक्षक सीमा पांडेय, निलेश मांधेवर और शिरीन भी मौजूद रहीं। प्रशिक्षकों की टीम बच्चों को संतुलन, गति और सुरक्षा के साथ स्केटिंग के विभिन्न तकनीकी पहलुओं का प्रशिक्षण दे रही है।
इस शिविर के जरिए न सिर्फ बच्चों को एक नया खेल कौशल सीखने का मौका मिलेगा, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना का भी विकास होगा। आयोजकों ने अधिक से अधिक बच्चों को शिविर से जुड़ने की अपील की है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS