बिलासपुर। सिरगिट्टी क्षेत्र में रहने वाली 14 साल की नाबालिग को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इसकी शिकायत पर पुलिस आरोपी को पकड़कर थाने ले आई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पीने के पानी के बोतल का ढक्कन निगल लिया। इसकी जानकारी होते ही जवान उसे अस्पताल लेकर गए। डाक्टरों की जांच के बाद आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया है।

सिरगिट्टी थाना प्रभारी रजनीश सिंह ने बताया कि क्षेत्र में रहने वाली महिला तलाक के बाद अपनी बेटियों के साथ मायके में रहती है। कुछ दिन पहले महिला किसी काम से ओडिशा गई थी। तब उसकी 14 साल की बेटी नानी के साथ रह रही थी। नाबालिग की नानी जहां पर काम करती है वहां पर बूटापारा में रहने वाला हार्दिक खान ड्राइवर है। जान पहचान के कारण वह नाबालिग की नानी के घर आता जाता था। नाबालिग भी उसे पहचानती थी। कुछ दिन पहले उसकी नानी काम पर गई थी। तब किशोरी घर पर अकेली थी। तभी युवक हार्दिक वहां आ गया। उसने नाबालिग को पसंद करने और शादी करने की बात कही। इसके बाद उसने नाबालिग से जबरन शारीरिक संबंध बनाया। डर के कारण नाबालिग ने नानी को कुछ नहीं बताया। उस मां जब ओडिशा से आई तो उसने पूरे मामले की जानकारी उसे दी। महिला ने बेटी के साथ सिरगिटी थाने पहुंचकर शिकायत की। तब पुलिस ने दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपित को हिरासत में लिया। थाने में पूछताछ के दौरान युवक ने पानी के बोतल की ढक्कन निगल लिया। इसकी जानकारी होने पर जवान सकते में आ गए। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में युवक गंभीर होने का दिखावा कर रहा था। डाक्टरों ने जांच के बाद उसके ठीक होने की बात कही। इसके बाद उसे थाने लाया गया। थाने में पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।

Author: रवि शुक्ला
अधिमान्य पत्रकार छत्तीसगढ़ शासन