Explore

Search

November 3, 2026 5:23 pm

हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होने पर वर्धा में दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी कल से

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय में जुटेंगे देशभर के वरिष्ठ पत्रकार, मीडिया विशेषज्ञ और शिक्षाविद्; 45 से अधिक शोध पत्रों का होगा वाचन

CBN36 वर्धा, 03 नवंबर। हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास, वर्तमान चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर मंथन करने के उद्देश्य से महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा के जनसंचार विभाग द्वारा 4 एवं 5 नवंबर को दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। संगोष्ठी का विषय ‘हिंदी पत्रकारिता के दो सौ वर्ष : विरासत, सरोकार और विकसित भारत का संकल्प’ रखा गया है।

संगोष्ठी का उद्घाटन 4 नवंबर को पूर्वाह्न 10 बजे विश्वविद्यालय के कस्तूरबा सभागार में कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा की अध्यक्षता में होगा। उद्घाटन समारोह में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर के कुलपति प्रो. मनोज दयाल मुख्य अतिथि होंगे। वहीं राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत के पूर्व अध्यक्ष प्रो. बलदेवभाई शर्मा सारस्वत अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर सप्रे संग्रहालय, भोपाल के संस्थापक पद्मश्री विजयदत्त श्रीधर का सान्निध्य प्राप्त होगा।

कार्यक्रम में मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान विद्यापीठ के अधिष्ठाता प्रो. के. बालराजु स्वागत वक्तव्य देंगे। जनसंचार विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश लेहकपुरे संगोष्ठी की रूपरेखा प्रस्तुत करेंगे। संचालन संगोष्ठी संयोजक एवं सहायक प्रोफेसर डॉ. रेणु सिंह करेंगी तथा आभार प्रदर्शन डॉ. संदीप कुमार वर्मा करेंगे।

संगोष्ठी के प्रथम दिन दोपहर 12 बजे हिंदी पत्रकारिता की विरासत विषय पर प्रथम अकादमिक सत्र आयोजित होगा। इसकी अध्यक्षता दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा, चेन्नई के पूर्व कुलपति प्रो. राम मोहन पाठक करेंगे। सत्र में पद्मश्री विजयदत्त श्रीधर मुख्य अतिथि तथा वीणा पत्रिका, इंदौर के संपादक राकेश शर्मा विशेष अतिथि होंगे।

दोपहर 3 बजे द्वितीय सत्र में ‘हिंदी पत्रकारिता : कृत्रिम बुद्धिमत्ता की नैतिकता, संभावनाएं और चुनौतियां’ विषय पर चर्चा होगी। इसकी अध्यक्षता भारतीय जनसंचार संस्थान, नई दिल्ली के पूर्व महानिदेशक प्रो. संजय द्विवेदी करेंगे। एल्गो टेक्नोलॉजीज, दुबई के सीईओ बालेन्दु शर्मा दाधीच मुख्य अतिथि होंगे। आकाशवाणी, दिल्ली के पूर्व निदेशक प्रो. महावीर सिंह विशिष्ट अतिथि तथा राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज विश्वविद्यालय, नागपुर के जनसंचार विभागाध्यक्ष प्रो. धर्मेश धावनकर विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 4 बजे से दो समानांतर सत्र आयोजित किए जाएंगे। संगोष्ठी में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों के शोधार्थियों और विद्वानों द्वारा 45 से अधिक शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे।

संगोष्ठी के दूसरे दिन 5 नवंबर को सुबह 10 बजे तृतीय सत्र ‘हिंदी पत्रकारिता : भाषा, संस्कृति और विकसित भारत’ विषय पर आयोजित होगा। इसकी अध्यक्षता प्रो. मनोज दयाल करेंगे। इसमें दैनिक भास्कर के समूह संपादक प्रकाश दुबे एवं राकेश शर्मा अपने विचार रखेंगे।

इसके बाद सुबह 11:30 बजे चतुर्थ सत्र प्रो. बलदेवभाई शर्मा की अध्यक्षता में होगा, जिसमें प्रो. संजय द्विवेदी मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करेंगे।

दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का समापन 5 नवंबर को दोपहर 3:30 बजे कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा की अध्यक्षता में होगा। समापन समारोह में प्रो. राम मोहन पाठक मुख्य अतिथि होंगे। वहीं दैनिक भास्कर के समूह संपादक प्रकाश दुबे एवं लोकमत समाचार के वरिष्ठ संपादक विकास मिश्र सारस्वत अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

यह राष्ट्रीय संगोष्ठी हिंदी पत्रकारिता के दो सौ वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा का मूल्यांकन करने के साथ-साथ बदलते मीडिया परिदृश्य, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, पत्रकारिता की नैतिकता और विकसित भारत के निर्माण में हिंदी पत्रकारिता की भूमिका पर सार्थक विमर्श का मंच बनेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS