Explore

Search

November 3, 2026 5:23 pm

दीपावली से पहले पटाखा दुकानों का संयुक्त निरीक्षण, दुकानदारों को दिया गया अग्नि सुरक्षा का प्रशिक्षण

लाखे नगर के हिंद स्पोर्टिंग ग्राउंड में पुलिस, अग्निशमन, विद्युत विभाग और नगर निगम की टीम ने लिया सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा

CBN36 रायपुर। दीपावली पर्व को देखते हुए आम नागरिकों की सुरक्षा और संभावित अग्नि दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की संयुक्त टीम ने 2 नवंबर को लाखे नगर स्थित हिंद स्पोर्टिंग ग्राउंड में संचालित पटाखा दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस, अग्निशमन विभाग, विद्युत विभाग एवं नगर निगम के अधिकारियों ने दुकानों में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और दुकानदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पटाखों के सुरक्षित भंडारण, क्रय-विक्रय, विद्युत व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की जांच की गई। अधिकारियों ने दुकानदारों को प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने की हिदायत दी।

मॉक ड्रिल कर सिखाए आग बुझाने के तरीके

निरीक्षण के दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने मॉक ड्रिल के माध्यम से पटाखा दुकानदारों को फायर एक्सटिंग्विशर (अग्निशमन यंत्र) के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। दुकानदारों को बताया गया कि आग लगने की स्थिति में किस तरह तत्काल और सुरक्षित तरीके से आग पर काबू पाया जा सकता है।

वहीं, विद्युत विभाग ने दुकानदारों को वायरिंग एवं विद्युत उपकरणों के इस्तेमाल में सावधानी बरतने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने दुकानों में अग्निशमन यंत्र सहित जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रखने और पटाखों के रखरखाव एवं भंडारण में निर्धारित मानकों का पालन करने को कहा।

लापरवाही बरतने पर दुर्घटना की आशंका

संयुक्त टीम ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की आग, विद्युत समस्या या दुर्घटना होने पर तत्काल पुलिस एवं अग्निशमन विभाग को सूचना दें। अधिकारियों ने कहा कि दीपावली के दौरान पटाखा दुकानों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना बेहद जरूरी है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने सभी पटाखा दुकानदारों से अपील की है कि वे निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें और सुरक्षित एवं जिम्मेदारी के साथ पटाखों का कारोबार करें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS