CBN36 बिलासपुर। एसईसीएल मुख्यालय की मेजबानी में स्वर्गीय श्री बी.आर. यादव अंतर्राष्ट्रीय हॉकी मैदान, बहतराई में आयोजित एसईसीएल अंतर-क्षेत्रीय हॉकी टूर्नामेंट 2026-27 का 17 अक्टूबर को उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ सफल समापन हुआ। 14 से 17 अक्टूबर तक आयोजित इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में एसईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों एवं इकाइयों की 16 टीमों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में जमुना कोतमा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सोहागपुर को 1-0 से पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। सोहागपुर की टीम उपविजेता रही। वहीं, तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में गेवरा ने रायगढ़ को हराकर तृतीय स्थान हासिल किया।
समापन समारोह में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन तथा निदेशक (तकनीकी/संचालन) रमेश चंद्र महापात्र विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता, उपविजेता एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
खेलों से विकसित होती है टीम भावना और नेतृत्व क्षमता

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि हरीश दुहन ने कहा कि खेल अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आपसी समन्वय को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं। एसईसीएल अपने कर्मचारियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा।
कार्यक्रम में सचिव, हॉकी छत्तीसगढ़, अध्यक्ष, हॉकी बिलासपुर, कोल इंडिया वेलफेयर बोर्ड के सदस्य, एसईसीएल संचालन समिति एवं कल्याण मंडल के सदस्य, मुख्यालय और क्षेत्रीय जेसीसी सदस्य, क्षेत्रीय कल्याण समिति के सदस्य तथा विभिन्न काउंसिल एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
चार दिनों तक चले इस आयोजन ने एसईसीएल परिवार की एकजुटता, आपसी समन्वय और खेल संस्कृति को मजबूती से प्रदर्शित किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिला। एसईसीएल परिवार ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों एवं खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रधान संपादक