
गरबा, चुनरी यात्रा और दुर्गा पंडालों पर 24 घंटे निगरानी; महिला सुरक्षा से लेकर यातायात तक चाक-चौबंद व्यवस्था
CBN36 दुर्ग। नवरात्रि पर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुर्ग पुलिस ने जिलेभर में सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है। गरबा आयोजनों, चुनरी यात्राओं और दुर्गा पंडालों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 361 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की तैनाती की गई है। दिन और रात की अलग-अलग शिफ्ट में 24 घंटे पुलिस बल मुस्तैद रहेगा। प्रमुख आयोजन स्थलों पर फिक्स पॉइंट बनाने के साथ लगातार पेट्रोलिंग और गश्त की जा रही है।
महिला सुरक्षा पर विशेष फोकस

गरबा आयोजनों में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। महिला शक्ति टीम आयोजन स्थलों पर लगातार निगरानी कर रही है। छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार या संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी भय के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल हो सकें।
असामाजिक तत्वों पर रहेगी पैनी नजर

नवरात्रि के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर पुलिस की सख्ती रहेगी। रात्रिकालीन गश्त बढ़ाकर अड्डेबाजी करने वालों, गुंडा-बदमाशों और धारदार हथियार लेकर घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यातायात व्यवस्था संभालने अलग तैनाती
गरबा स्थलों, दुर्गा पंडालों और चुनरी यात्रा के मार्गों पर भीड़ के दबाव को देखते हुए यातायात पुलिस को प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। फिक्स पॉइंट, पेट्रोलिंग और सतत निगरानी के जरिए जाम की स्थिति रोकने तथा आवागमन सुचारु बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अधिकारियों की निगरानी में सुरक्षा व्यवस्था

पूरे जिले में पुलिस बल की तैनाती और सुरक्षा प्रबंधों की नियमित समीक्षा की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर एवं ग्रामीण, नगर पुलिस अधीक्षक और पुलिस लाइन के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्था का समन्वय कर रहे हैं। पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल उपलब्ध कराकर प्रमुख आयोजन स्थलों की सुरक्षा मजबूत की गई है।
दुर्ग पुलिस की अपील-शांति और अनुशासन बनाए रखें
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से नवरात्रि पर्व के दौरान शांति, अनुशासन और आपसी सहयोग बनाए रखने की अपील की है। लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, पुलिस के निर्देशों का अनुपालन करने और अफवाहों से दूर रहने को कहा गया है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, छेड़छाड़ या कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।
पुलिस का कहना है कि नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिलेभर में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्रधान संपादक