Explore

Search

October 17, 2026 7:21 pm

जमीन विवाद में वृद्ध के गले पर चाकू से हमला, 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

CBN36 रायगढ़। जिले के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बड़े रेगड़ा में जमीन विवाद को लेकर एक पड़ोसी ने 77 वर्षीय वृद्ध पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में वृद्ध के गले में गंभीर चोट आई। मामले में चक्रधरनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नत्थूलाल अगरिया (57) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, घायल की स्थिति अब सामान्य है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना 15 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच की है। ग्राम बड़े रेगड़ा निवासी मनधर यादव गांव के दुर्गा पंडाल में प्रसाद लेने गए थे। इसी दौरान जमीन विवाद को लेकर पड़ोसी नत्थूलाल अगरिया ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से धारदार चाकू से उनके गले पर वार कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में भर्ती कराया।

अस्पताल से सूचना मिलने के बाद चक्रधरनगर पुलिस ने घायल के पुत्र रामकुमार यादव (37) की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका और मनधर यादव का घर एक-दूसरे से लगा हुआ है तथा जमीन को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना के दिन भी इसी विवाद के चलते उसने कटहल काटने वाले धारदार चाकू से वृद्ध के गले पर वार किया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू जब्त कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी की गई।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा, प्रशिक्षु निरीक्षक हर्ष चंद्राकर, प्रधान आरक्षक मोहम्मद दिलदार कुरैशी सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS