Explore

Search

October 11, 2026 10:37 pm

छत्तीसगढ़ मध्य भारत के बड़े मेडिकल हब के रूप में हो रहा विकसित : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर में ओमेगा मेडिसिन अस्पताल के कैंसर उपचार केंद्र का भूमिपूजन, प्रदेश में ही मिलेगी आधुनिक उपचार सुविधा

नवा रायपुर में 200 एकड़ में विकसित होगी मेडिसिटी और फार्मा पार्क, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

CBN36 रायपुर, 11 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ तेजी से मध्य भारत के बड़े मेडिकल हब के रूप में विकसित हो रहा है। राज्य सरकार आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों और स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के लोगों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर न रहना पड़े और उन्हें अपने ही प्रदेश में बेहतर एवं किफायती स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

मुख्यमंत्री श्री साय रविवार को राजधानी रायपुर में ओमेगा मेडिसिन अस्पताल की नई स्वास्थ्य सेवाओं की पहल और प्रस्तावित कैंसर उपचार केंद्र के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और ओमेगा ग्रुप की टीम को बधाई देते हुए कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के उपचार के लिए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करेगा। इससे छत्तीसगढ़ के साथ आसपास के राज्यों के मरीजों को भी बेहतर उपचार का लाभ मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का असर केवल मरीज पर ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार पर पड़ता है। उपचार के लिए दूसरे राज्यों में जाने से आर्थिक बोझ और अन्य परेशानियां बढ़ जाती हैं। ऐसे में प्रदेश में ही आधुनिक कैंसर उपचार केंद्रों की स्थापना मरीजों और उनके परिजनों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।

गांवों से वनांचलों तक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में राज्य सरकार स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए लगातार कार्य कर रही है। स्वास्थ्य सुविधाओं को बड़े शहरों तक सीमित रखने के बजाय गांवों, गरीब परिवारों और सुदूर जनजातीय क्षेत्रों तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।

प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों तक चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। जिला अस्पतालों में आईसीयू, डायलिसिस यूनिट, आधुनिक पैथोलॉजी और अन्य जरूरी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि मरीजों को सामान्य जांच और उपचार के लिए बड़े शहरों का रुख न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास स्वास्थ्य सेवाओं का विकेंद्रीकरण कर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच सुविधाओं के अंतर को कम करना है। अबूझमाड़ और बस्तर के सुदूर वनांचलों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाई जा रही है। स्वास्थ्य शिविरों, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं तथा जरूरी जांच और दवाइयों की उपलब्धता के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को राहत पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना से मिल रहा संबल

मुख्यमंत्री ने कहा कि गंभीर बीमारी कई बार परिवारों के सामने बड़ा आर्थिक संकट खड़ा कर देती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आयुष्मान भारत योजना पात्र परिवारों को उपचार की चिंता से राहत प्रदान कर रही है। वहीं, मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के माध्यम से भी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद परिवारों को सहायता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि आर्थिक तंगी के कारण किसी जरूरतमंद का इलाज न रुके। हर नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है।

नवा रायपुर में 200 एकड़ में विकसित होगी मेडिसिटी और फार्मा पार्क

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख स्वास्थ्य एवं चिकित्सा निवेश केंद्रों में शामिल करने के लिए नवा रायपुर में लगभग 200 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक मेडिसिटी और फार्मा पार्क विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना से सुपर स्पेशलिटी चिकित्सा सेवाओं, फार्मास्युटिकल उद्योग, चिकित्सा अनुसंधान और आधुनिक स्वास्थ्य तकनीकों को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि मेडिसिटी और फार्मा पार्क के विकास से प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र का मजबूत इकोसिस्टम तैयार होगा। इसके साथ ही चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मियों और अन्य युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। रायपुर और नवा रायपुर में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार छत्तीसगढ़ को मेडिकल टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने में भी सहायक होगा।

निजी निवेश से मजबूत होगा स्वास्थ्य तंत्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि ओमेगा ग्रुप द्वारा रायपुर में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार प्रदेश में चिकित्सा क्षेत्र में बढ़ती निवेश संभावनाओं का संकेत है। राज्य सरकार निजी निवेश और सार्वजनिक-निजी भागीदारी को प्रोत्साहित कर रही है, ताकि आधुनिक अस्पतालों और सुपर स्पेशलिटी केंद्रों की संख्या बढ़ाई जा सके।

उन्होंने कहा कि नए अस्पतालों की स्थापना से मरीजों को बेहतर उपचार मिलने के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। स्वस्थ नागरिक ही समृद्ध प्रदेश की सबसे मजबूत नींव हैं। सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ का कोई भी नागरिक गंभीर बीमारी के उपचार के लिए स्वयं को असहाय महसूस न करे।

उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने भी रखे विचार

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार का सीधा लाभ प्रदेश की जनता को मिल रहा है। निजी क्षेत्र की भागीदारी से स्वास्थ्य तंत्र को और मजबूती मिलेगी।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार गांव से लेकर शहर तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की पहुंच बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कैंसर उपचार केंद्र की पहल के लिए अस्पताल प्रबंधन और उसकी पूरी टीम को बधाई दी।

कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू, महापौर मीनल चौबे, मेडिसिन हॉस्पिटल के डायरेक्टर सुशील शर्मा, ओमेगा ग्रुप के सीईओ सहित अन्य जनप्रतिनिधि, चिकित्सक और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS